कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा, देश नहीं बल्कि पार्टी को बचाने की है कवायद: कृषि मंत्री
punjabkesari.in Tuesday, Aug 30, 2022 - 08:38 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कांग्रेस की हल्ला बोल रैली पर हल्ला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सिर्फ हल्ला कर रही है। उन्हें अपने नेताओं द्वारा किए गए गलत काम पर कानूनी शिकंजा कसने का डर है। इसलिए ही कांग्रेस वाले दिल्ली में रैली कर रहे हैं। वे भारत जोड़ो यात्रा नहीं निकाल रहे हैं, बल्कि बची हुई कांग्रेस को जोड़ कर रखने की कवायद कर रहे है। अगर किसी ने अपराध नहीं किया है तो वह डरे क्यों? डरता तो वही है, जिसने कानून का उल्लंघन किया हो।
कृषि मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 2 सितंबर से हरियाणा में दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान नड्डा कई बैठकें भी करेंगे, हालांकि इन बैठकों में पंचायती चुनाव को लेकर चर्चा नहीं की जाएगी। दरअसल पंचायती चुनाव काफी छोटे चुनाव है। यह उनका विषय नहीं है। वे कार्यकर्ताओं के संगठन को मजबूत बनाने के लिए आ रहे हैं। संगठन और सरकार के कार्य और तालमेल पर चर्चा करने आ रहे हैं। वहीं 2024 के चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर कृषि मंत्री ने कहा कि 2024 ही क्यों, हमारे जहन में तो 2029 और 2034 भी है। अध्यक्ष पूरे देश में भाजपा सरकार के कामों को प्रचारित करने का काम कर रहे हैं।
पंचायती चुनाव को लेकर कृषि मंत्री ने कहा कि हम चुनाव को लेकर कोई खास तैयारी नहीं करते। बीजेपी वाले केवल सेवा करते हैं। जनता हमें हर बार आशीर्वाद देती है। चाहे वह किसी भी तरह का चुनाव हो। लोकसभा, विधानसभा या फिर पंचायती चुनाव ही क्यों ना हो। आज देश का बच्चा-बच्चा कह रहा है कि मोदी जी ने देश का मान सम्मान बढ़ाया है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)