वीडियो वायरल करने की धमकी देकर सिपाही और होमगार्ड से ठगे लाखों, दो केस

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 11:09 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): अब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को ब्लैकमेल कर रुपए ट्रांसफर करने का मामला सामने आया है। पीड़ित होमगार्ड ने जब सेक्टर 40 थाना पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया और पुलिस ने जांच की तो पाया कि आरोपी द्वारा एक सिपाही को भी ब्लैकमेल करके लाखों रुपए ट्रांसफर कराए गए हैं। पुलिस ने सेक्टर-40 और सिविल लाइन थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से जींद के रहने वाले कुलदीप सिंह ने बताया कि वह गुड़गांव में बतौर होम गार्ड तैनात है और उसकी ड्यूटी सेक्टर-31 में ट्रैफिक पुलिस के साथ लगी हुई है। उसने बताया कि दिल्ली निवासी मुकेश शर्मा व विजय ने उसे डर दिखाया कि उनके पास कुलदीप की वीडियो है जिसमें वह रुपए ले रहे हैं। इस वीडियो को वह वायरल कर देंगे। ऐसा न करने की ऐवज में आरोपियों ने उनसे रुपए मांगे। काफी मोलभाव के बाद 8 फरवरी को 15 हजार रुपए आरोपी उनसे ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उनसे दोबारा रुपए मांगने शुरू कर दिए। परेशान होकर उन्होंने सेक्टर-40 थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 61 के तहत केस दर्ज कर लिया। 

 

पुलिस की मानें तो जब मामले की जांच की गई तो  सामने आया कि मुकेश शर्मा के खिलाफ सिविल लाइन थाने में भी एक केस दर्ज है। यहां उसने सिपाही को इसी तरह से ब्लैकमेल किया था और उससे तीन लाख रुपए की मांग की थी। मामले में सिपाही ने बचने के लिए 1 लाख 10 हजार रुपए दे दिए थे। जब आरोपियों ने और रुपयों की मांग की तो सिपाही ने सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत देकर 11 मार्च को केस दर्ज कराया। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों ही मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static