सब्जी खरीद रही थी महिला, सम्मोहित कर गहने लेकर फरार हुए ठग
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 08:46 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): शहर में ठगों के एक शातिर गिरोह ने सम्मोहन का सहारा लेकर एक महिला को अपना शिकार बनाया है। ठगों ने महिला को अपनी बातों के जाल में ऐसा उलझाया कि उसने खुद ही अपने गले का मंगलसूत्र और कानों के सोने के टॉप्स उतारकर उन्हें सौंप दिए। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर सेक्टर-14 थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, ईस्ट राजीव नगर की रहने वाली मीना मेहता ने पुलिस को बताया कि सात मार्च की शाम करीब छह बजे वह शीतल स्वीट्स से मिठाई लेकर पास ही एक रेहड़ी से प्याज खरीद रही थीं। इसी दौरान वहां खड़ी एक अज्ञात महिला ने उनका हाथ पकड़ लिया और उनसे बातें करने लगी। बातों-बातों में वह महिला मीना को कटारिया स्कूल के पास ले गई, जहां उसके दो अन्य नौजवान साथी पहले से मौजूद थे।
शिकायत के अनुसार, कटारिया स्कूल के पास पहुंचते ही एक युवक ने मीना से उनका मंगलसूत्र (जिसमें आधा तोला सोने का लॉकेट था) निकालने को कहा। मीना ने बिना विरोध किए उसे दे दिया। थोड़ी दूर आगे बढ़ने पर उस महिला ने मीना से उनके कानों के सोने के टॉप्स (वजन सवा तोला) भी उतारने को कहा। पीड़िता ने बताया उस दौरान मुझे नहीं पता कि मुझे क्या हो गया था, मैंने खुद ही अपना सारा सामान उन्हें दे दिया। गहने लेने के बाद ठगों ने उन्हें सीआरपीएफ कैंप चौक से एक ई-रिक्शा में बैठा दिया और खुद फरार हो गए। जांच अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि उस संदिग्ध महिला और उसके दोनों साथियों की पहचान की जा सके।