ऑनलाइन ब्लैकमेल-फर्जी वीडियो पर लगेगा अंकुश, पुलिस ने शुरू की डिजिटल सहेली सेल

punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 09:00 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): साइबर सिटी गुडग़ांव की महिलाओं की डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुलिस ने रीत फाउंडेशन के सहयोग से महिला थाना सेक्टर-51 में विशेष सेल डिजिटल सहेली की स्थापना की है। जिसका शुभारंभ पुलिस कमिश्रर विकास कुमार अरोड़ा ने किया। इस दौरान डीसीपी हेडक्वार्टर डॉ अर्पित जैन, डीसीपी ईस्ट गौरव राजपुरोहित, गुरुग्राम के एसीपी व अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।


डिजिटल सहेली एंटी-डीपफेक व सेक्सटॉर्शन रैपिड रिस्पांस यूनिट के रूप में कार्य करेगी, जो डीपफेक दुरुपयोग, सेक्सटॉर्शन तथा डिजिटल माध्यमों से होने वाली विभिन्न प्रकार की यौन हिंसा से पीड़ित महिलाओं को तत्काल सहायता प्रदान करेगी। किसी महिला की फोटो/वीडियो को आपत्तिजनक रूप में एडिट, मॉर्फ या सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जाता है तो पीडि़ता मोबाइल पर संपर्क कर या साइबर क्राइम शिकायत के माध्यम से इस सेल तक अपनी शिकायत पहुंचा सकती है। जिस पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी। डिजिटल सहेली प्लेटफॉर्म सुरक्षित, गोपनीय और जवाबदेह डिजिटल रिपोर्टिंग सुविधा उपलब्ध कराता है। जहां पीड़िताओं को कानूनी सहायता के साथ-साथ काउंसलिंग, मानसिक देखभाल और भावनात्मक सहयोग भी प्रदान किया जाएगा, ताकि वे आत्मविश्वास व सम्मान के साथ पुन: सामान्य जीवन जी सकें।

 

पुलिस कमिश्रर विकास कुमार अरोड़ा ने कहा कि डिजिटल युग में महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। डिजिटल सहेली के माध्यम से पीड़ित महिलाएं तुरंत शिकायत दर्ज करा सकेगी, जिस पर तेजी से जांच और कानूनी कार्रवाई होगी। यह सेल तकनीकी विशेषज्ञों, साइबर एक्सपर्ट्स और महिला पुलिस अधिकारियों की टीम से लैस होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल सेक्सटॉर्शन और डीपफेक जैसे अपराधों पर अंकुश लगाएगी, बल्कि महिलाओं में डिजिटल साक्षरता और जागरूकता भी बढ़ाएगी। गुरुग्राम पुलिस का यह कदम अन्य शहरों के लिए भी मिसाल बनेगा। महिलाओं की डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में डिजिटल सहेली एक मजबूत कवच साबित होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static