मौत से खेलते ट्रैक्टर चालक, स्टंटबाजी कर मौत को दे रहे दावत, वीडियो वायरल
punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 06:14 PM (IST)
नूंह, (ब्यूरो): नूंह जिले की तावडू घाटी में ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में ट्रैक्टर चालक जान जोखिम में डालकर हैरतअंगेज स्टंट करते नजर आ रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो नूंह–तावडू घाटी का है, जहां अवैध रूप से ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली अक्सर गुजरते रहते हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि घाटी की खतरनाक चढ़ाई के दौरान कुछ ट्रैक्टर चालक बेखौफ अंदाज में स्टंटबाज़ी कर रहे हैं। एक वीडियो में चालक चलते ट्रैक्टर का स्टीयरिंग छोड़कर ट्रॉली में भरी ईंटों के ऊपर खड़ा होकर वाहन चलाता नजर आ रहा है।
वहीं दूसरी वीडियो में ट्रैक्टर चालक स्टीयरिंग छोड़कर ट्रैक्टर के बोनट पर बैठा दिखाई दे रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन ट्रैक्टर-ट्रॉली में से अधिकांश ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ते नजर आ रहे हैं। ऐसे वाहनों की पहचान करना भी मुश्किल हो जाता है, जिससे नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तावडू घाटी से रोजाना बड़ी संख्या में ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजरते हैं और कई चालक लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्टंट करते रहते हैं। यह लापरवाही सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती है। हैरानी की बात यह है कि घाटी के ऊपर पुलिस का रिपीटर नाका भी बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद इन स्टंटबाज़ और बिना नंबर के ट्रैक्टर चालकों पर कोई सख्त कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
‘’इस मामले में ट्रैफिक थाना प्रभारी कृष्ण कुमार का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।‘’ - ट्रैफिक थाना प्रभारी, कृष्ण कुमार