नक्शा पास करवाने के लिए निगम अधिकारियों ने मांगे अढ़ाई लाख, पीए सहित 5 पर मामला दर्ज

punjabkesari.in Tuesday, Mar 22, 2022 - 08:55 AM (IST)

फरीदाबाद: हरियाणा सरकार की सख्त कार्रवाई के बावजूद भी नगर निगम में भ्रष्टाचार थमने का नाम नहीं ले रहा है। निगम अधिकारियों द्वारा लगातार रिश्वत मांगने के मामले सामने आ रहे है। अब नक्शा पास करवाने की एवज में ढाई लाख रुपए मांगने पर पांच निगम अधिकारियों पर मामला दर्ज हुआ है। जिसमें संयुक्त आयुक्त की पीए, एसडीओ सुमेर सिंह, एसडीओ अमित चौधरी, जेई कुशल राव और बेलदार अमरपाल शामिल है। इनमें से एसडीओ सुमेर सिंह के खिलाफ पहले भी एक महिला के साथ छेडख़ानी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में महिला थाने में मुकदमा दर्ज हो चुका है। इसी प्रकार से एसडीओ अमित चौधरी के खिलाफ भी पहले भी एक मुकदमा दर्ज हो चुका है। इन दोनों अधिकारियों पर लगातार दूसरी बार पुलिस द्वारा मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। हाईकोर्ट के निर्देश पर फरीदाबाद पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है।

नक्शा पास करवाने की एवज में मांगे ढाई लाख 
सेक्टर-21 डी में रहने वाले नवनीत ने पुलिस में इन चार अधिकारियों और बेलदार पर रिश्वत मांगने को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। नवनीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने साल 2019 में जी 21/260 इंदिरा एंकलेव के प्लाट पर अपने पार्टनर विष्णु प्रकाश जोशी के साथ मकान बनाने की शुरूआत की थी। उस वक्त नगर निगम में बिल्डिंग इंस्पेक्टर के तौर पर सुमेर सिंह कार्यरत थे, जोकि पहले से ही मेरे जानकार थे। मैंने उनसे अपने मकान का नक्शा पास करवाने के लिए बात की। 

एसडीओ ने नक्शा पास करवाने का दिया आश्वासन 
एसडीओ सुमेर सिंह ने नक्शा पास करवाने का आश्वासन दिया और फीस के तौर पर दो लाख रुपए की मांग की। यह रकम लेने के बाद सुमेर सिंह ने कहा कि उनकी फाईल का प्रोसेस शुरू कर दिया गया है। इसलिए वह अपने मकान का काम शुरू कर सकता है। यह रकम उसके द्वारा सुमेर सिंह व बेलदार अमरपाल को टुकडों में दी थी। इस रकम में सरकारी फीस भी शामिल थी, जिसकी उसे रसीद दी जानी थी। सुमेर सिंह ने शिकायतकर्ता से कहा था कि उसकी नगर निगम में खूब चलती है, चिंता की कोई बात नहीं है। वह अपना काम शुरू कर दे और पानी व सीवर के कनेक्शन भी ले सकता है।

शिकायतकर्ता के पास ऑडियो रिकार्डिंग भी मौजूद 
शिकायतकर्ता के पास एसडीओ सुमेर सिंह द्वारा पचास हजार रुपए की रिश्वत मांगने को लेकर ऑडियो रिकार्डिंग भी है। हाईकोर्ट में इस मामले की पैरवी एडवोकेट सुरेंद्र सिंह ने की और अदालत के समक्ष सभी साक्ष्य प्रस्तुत किए, जिन्हें देखते हुए ही फरीदाबाद पुलिस को आरोपी एसडीओ सुमेर सिंह, संयुक्त आयुक्त की पीए प्रवीण कालरा व बेलदार अमरपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। इसी मामले में एसडीओ सुमेर सिंह पर भ्रष्टाचार अधिनियम के अंतर्गत भी कार्रवाई किए जाने की संभावना है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static