क्रॉस वोटिंग विवाद, जारी नोटिस के बाद कांग्रेस विधायकों ने दी सफाई, पार्टी के प्रति खुद को बताया समर्पित
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 08:09 PM (IST)
चंडीगढ़ : हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान सामने आए क्रॉस वोटिंग के आरोपों ने सियासी माहौल गरमा दिया है। इस मामले में अब कांग्रेस के दो विधायकों ने पार्टी द्वारा जारी नोटिस का जवाब दे दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार क्रॉस वोटिंग के आरोप झेल रहे 5 विधायकों में से दो (शैली चौधरी और एक अन्य विधायक) ने लिखित जवाब में साफ किया है कि उन्होंने पार्टी लाइन के अनुसार ही मतदान किया था और कांग्रेस उम्मीदवार को ही वोट दिया।
पूर्व संसदीय सचिव और शैली चौधरी के पति रामकिशन गुर्जर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि शैली चौधरी ने कांग्रेस उम्मीदवार को ही वोट दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि वोट डालने के बाद यह वोट भूपेंद्र सिंह हुड्डा को दिखाया गया था, जैसा कि पार्टी नियमों के तहत किया जाता है।
रामकिशन गुर्जर के अनुसार, जब वोट दिखाया गया था, उस दौरान सत्तापक्ष की ओर से उस वोट पर आपत्ति भी जताई गई थी। इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद होने की बात कही गई है।
दोनों विधायकों ने अपने जवाब में खुद को पार्टी के प्रति पूरी तरह समर्पित बताते हुए कहा कि उन्होंने किसी प्रकार की क्रॉस वोटिंग नहीं की है। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोपों ने हरियाणा की राजनीति में हलचल मचा दी है। अब पार्टी नेतृत्व इन जवाबों का अध्ययन कर आगे की कार्रवाई तय करेगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)