रेवाड़ी में खूनी वारदात: शराब पार्टी के दौरान विवाद में व्यक्ति की चाकू गोदकर हत्या...दोनों आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 07:21 PM (IST)
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेलवे स्टेशन क्षेत्र में शराब पीने के दौरान एक पेग को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की चाकू से हत्या कर दी गई। शहर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कापड़ीवास निवासी सुखबीर और राजस्थान के मांढन निवासी मुकेश के रूप में हुई है। दोनों ने पूछताछ में हत्या की वारदात कबूल कर ली है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
शुक्रवार को सिटी थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में डीएसपी संजीव बल्हारा ने बताया कि 24 जून की सुबह रेलवे चौक पर ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड प्रीतम ने सूचना दी थी कि सक्सेना नर्सिंग होम की ओर से एक करीब 40 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पैदल आ रहा था। सैनी टी-स्टॉल के सामने पहुंचते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। उसके कपड़ों पर खून लगा हुआ था तथा पेट और छाती पर तेजधार हथियार से किए गए कई गहरे घाव थे। घायल अत्यधिक नशे में था और कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं था।
उपचार से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें मृतक के साथ दो युवक दिखाई दिए। जांच के बाद उनकी पहचान सुखबीर और मुकेश के रूप में हुई। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों रेलवे स्टेशन के आसपास रहते और साथ बैठकर शराब पीते थे।
मंगलवार-बुधवार की रात शराब पीने के दौरान मृतक ने उनका पेग उठाकर पी लिया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया और गुस्से में आकर दोनों ने चाकू से उस पर कई वार कर दिए। घायल के बेहोश होने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। डीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी है।
सुखबीर के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और चोरी सहित चार मामले दर्ज हैं, जबकि मुकेश पर चोरी और शराब तस्करी समेत 11 मामले दर्ज हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किया जा सके और मामले में आगे की पूछताछ की जा सके। वहीं, मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)