डी.जी.पी. पर फिर फूटा विज का लैटर बम, मनोज यादव को बताया अक्षम अफसर

punjabkesari.in Wednesday, Mar 03, 2021 - 10:28 AM (IST)

चंडीगढ़ : हरियाणा के डी.जी.पी. मनोज यादव की एक्सटैंशन पर छिड़े विवाद के बीच गृह मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर से लैटर बम फोड़ा है। विज ने गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को नया पत्र लिखा है। जिसमें डी.जी.पी. की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्हें अक्षम अफसर करार दिया है। वहीं डी.जी.पी. के लिए राहत की बात यह है कि राज्य सरकार के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी उन्हें एक वर्ष की एक्सटैंशन दे दी है। गृह मंत्री इसी मामले में सवाल उठा रहे थे लेकिन गृह मंत्रालय के पत्र ने सब कुछ साफ कर दिया है। इसी बीच गृह मंत्री विज की सख्ती से नए डी.जी.पी. के नाम का पैनल भी मुख्यमंत्री के पास भेज दिया गया है। इस पैनल में मौजूदा डी.जी.पी. मनोज यादव का नाम भी शामिल किया गया है, जिससे गृह मंत्री खफा हैं। गृह मंत्री किसी भी तरह से डी.जी.पी. यादव की विदाई चाहते हैं।

20 फरवरी, 2021 को डी.जी.पी. का तय कार्यकाल खत्म होने के बाद से ही गृह मंत्री अनिल विज प्रदेश में नया डी.जी.पी. नियुक्त करना चाहते हैं। इसके लिए वह लगातार पत्राचार कर रहे हैं जिसमें नया पैनल भेजने को लेकर दो पत्र लिख चुके हैं। हालांकि इससे पहले राज्य सरकार की ओर से डी.जी.पी. को आगामी आदेशों तक की एक्सटैंशन दी गई थी जहां मंगलवार को गृह मंत्रालय की ओर से नया आदेश जारी कर एक वर्ष की एक्सटैंशन दी गई। विज किसी भी तरह से डी.जी.पी. की एक्सटैंशन के खिलाफ हैं और वह अपनी बात को पत्र के माध्यम से सरकार को बता चुके हैं। यही नहीं भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े से भी मुलाकात कर विज इस मामले में पूरी बात रख चुके हैं।

नए पैनल में मनोज यादव सहित 8 अफसरों के नाम शामिल
गृह सचिव की ओर से गृह मंत्री के पास जो पैनल भेजा गया है उसमें 30 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके 8 आई.पी.एस. अफसरों को शामिल किया गया है जिसमें डी.जी.पी. मनोज यादव का नाम भी शामिल हैं। इन अफसरों में केंद्रीय प्रतिनिुयक्त पर तैनात एस.एस. देशवाल, के.के. सिंधू, मनोज यादव, पी.के. अग्रवाल, मोहम्मद अकील, डा. आर.सी. मिश्रा, ए.डी.जी.पी. शुत्रजीत कपूर और देसराज सिंह शामिल हैं। ऊपर के दो अफसरों एस.एस. देशवाल और के.के. सिंधू की रिटायरमैंट इसी वर्ष अगस्त माह में होनी है। गृह मंत्री की ओर से पैनल की एप्रूवल के लिए फाइल मुख्यमंत्री के पास भेजी गई है।

विज के पत्र से बढ़ेगी तल्खी
मंगलवार शाम को गृह मंत्री की ओर से लिखे पत्र के बाद अब अंदरूनी तौर से सरकार में तल्खी बढऩा तय है। इस पत्र में गृह मंत्री ने साफ तौर से किसान आंदोलन को ठीक ढंग से नहीं संभालने और कानून-व्यवस्था बेहतर नहीं होने का ठीकरा डी.जी.पी. पर फोड़ा है। जिसमें कहा गया है कि उनका महकमे के अफसरों पर कोई नियंत्रण नहीं है। पत्र में कई और बातों का जिक्र करते हुए यह कहा गया कि भले ही केंद्र सरकार से उन्हें एक्सटैंशन दी गई हो लेकिन डी.जी.पी. के तौर पर अब ज्यादा दिन रखना ठीक नहीं है। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static