पुरानी बिल्डिंग के खंडहर में मिली युवक की लाश, पुलिस को नहीं मिले चोट के निशान... मौत बनी मिस्ट्री!
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 12:05 PM (IST)
कुरुक्षेत्र(कपिल शर्मा) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में रावी कॉलोनी स्थित एक पुरानी बिल्डिंग के खंडहर से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में युवक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले हैं।मृतक की पहचान 20 वर्षीय साहिल निवासी गांव पाडलू के रूप में हुई है।
साहिल का परिवार मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले के लतिपुर गांव का रहने वाला है, जो करीब 20 वर्षों से शाहाबाद क्षेत्र में रह रहा है। साहिल मेहनत-मजदूरी का काम करता था और अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था। मृतक के पिता श्याम सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 4 मार्च को होली का त्योहार था। उसी दिन दोपहर करीब चार बजे साहिल घर से शाहाबाद की ओर होली खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक भी वह घर वापस नहीं लौटा।
इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी, मगर पूरी रात उसका कोई सुराग नहीं लगा। अगले दिन दोपहर में किसी राहगीर ने रावी कॉलोनी की पुरानी बिल्डिंग के खंडहर में एक युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पहचान करवाई और परिजनों को भी बुलाया। पुलिस के अनुसार साहिल का शव दीवार के पास सिर के बल पड़ा हुआ मिला और उसके चेहरे या शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं थे। पुलिस ने पिता के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण अचानक तबीयत खराब होना या हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।