रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, ट्रेन की चपेट में आने से मौत, माथे पर गहरी चोट

punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 04:57 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार धीरपुर और डोडा खेड़ी रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक के माथे पर गहरी चोट का निशान पाया गया है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। GRP कुरुक्षेत्र में तैनात एएसआई विकास कुमार ने बताया कि शव किलोमीटर 163 के पास अप-डाउन रेलवे ट्रैक के बीच बरामद हुआ। स्टेशन मास्टर की ओर से ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना दी गई थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में मामला ट्रेन की चपेट में आने का लग रहा है।

मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसका रंग सांवला और चेहरा लंबा बताया गया है। शरीर पर किसी प्रकार का टैटू या अन्य पहचान का निशान नहीं मिला है। युवक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज भी बरामद नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार युवक ने जामुनी रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिसके कॉलर पर अंग्रेजी में “ALLEN JOHN” लिखा हुआ था। नीचे काले रंग की पैंट थी, लेकिन हादसे के कारण दोनों कपड़े काफी हद तक कट-फट गए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों से भी संपर्क कर युवक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static