शाहाबाद रेलवे ट्रैक हादसा: सुबह 11 बजे निकले, मंदिर में कहासुनी और फिर... सामने आई दर्दनाक कहानी

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 08:49 AM (IST)

कुरुक्षेत्र(रणदीप): जिले के शाहाबाद में मारकंडा रेलवे पुल के पास ट्रेन की चपेट में आकर जान गंवाने वाले युवक-युवती की मौत के मामले में तीन दिन बाद कई खुलासे हुए। दोनों 2 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे अपने-अपने घरों से अलग-अलग बहाने बनाकर निकले थे, लेकिन दोनों की मंजिल एक ही थी।

दोनों जिला अंबाला के अधोया गांव के रहने वाले थे। शादीशुदा युवक  (27) ने घरवालों से काम पर जाने की बात कही, जबकि युवती  (23) दवा लेने का कहकर घर से निकली थी। इसके बाद दोनों सीधे शाहाबाद पहुंचे और मारकंडा मंदिर में मिलने के बाद रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।

PunjabKesari

GRP कुरुक्षेत्र के मुताबिक, युवती का परिवार मूल रूप से यूपी के सहारनपुर का रहने वाला है। परिवार पिछले करीब 4 साल से अधोया के पास कलेसर क्षेत्र में गुड़ बनाने का काम करता है। इसी दौरान दोनों युवक और युवती के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ था। युवक भी इसी एरिया में काम करने के लिए आता था।

मंदिर पहुंचे, फिर पार्किंग में विवाद

जांच से पता चला कि शाहाबाद पहुंचने के बाद दोनों ने सबसे पहले मारकंडा मंदिर में माथा टेका। इसके बाद मंदिर की पार्किंग में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। कुछ लोगों ने दोपहर करीब 2 बजे दोनों को बहस करते देखा। कुछ देर बाद दोनों रेलवे ट्रैक की तरफ चले गए। इसी दौरान नागपुर-अमृतसर एक्सप्रेस वहां से गुजरी और दोनों ट्रेन के आगे कूद गए।

हादसे के बाद शवों की हालत इतनी खराब थी कि GRP तीन दिन तक उनकी पहचान नहीं कर सकी। बुधवार को परिजन कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल पहुंचे। मृतक युवक के भाई ने बताया कि हादसे वाले दिन उसके भाई ने सफेद-भूरी चेकदार शर्ट पहनकर गया था। उसी शर्ट और उसकी छाती व बाजू पर बने हार्ट के टैटू से पहचान हुई।



शादीशुदा था युवक , दो साल की बेटी भी है

मृतक युवती की पहचान उसके हाथ पर बने महादेव के टैटू से हुई। युवक की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। उसकी दो साल की बेटी है। दूसरी ओर युवती, अविवाहित थी और अपने परिवार के साथ कलेसर एरिया में गुड़ बनाने में मदद करती थी। दोनों काफी समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे।

युवती के भाई के मुताबिक, उसके परिवार को दोनों के प्रेम-प्रसंग की जानकारी थी। इसे लेकर पहले बराड़ा थाने में शिकायत भी दी गई थी। इसके बावजूद दोनों संपर्क में रहे। बाद में सोशल मीडिया पर हादसे की खबर देखकर परिवार कुरुक्षेत्र पहुंचा और शव की पहचान की।

PunjabKesari
शिकायत नहीं मिली, इत्तेफाकिया कार्रवाई

GRP कुरुक्षेत्र में तैनात जांच अधिकारी SI गुरदेव सिंह ने बताया कि दोनों शवों की पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। दोनों परिवार के बयान लेकर इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static