दिग्विजय का बीरेंद्र व हुड्डा सहित सभी को चेतावनी, एक सप्ताह में दें सबूत वरना कानूनी कार्यवाही के लिए रहें तैयार

punjabkesari.in Tuesday, Oct 03, 2023 - 09:25 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हाल ही में बीरेंद्र डूमरखा द्वारा दुष्यंत चौटाला के खिलाफ अपनी रैली के मंच से दिए गए बयानों को लेकर जेजेपी अब अदालत का रुख करने पर लगभग विचार बना चुकी है। मानहानि का केस दुष्यंत जल्द ऐसे नेताओं के खिलाफ दर्ज करवा सकते हैं, जो लगातार भ्रष्टाचार को लेकर उन पर आरोप लगाते रहे हैं। जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने पंजाब केसरी से बातचीत के दौरान साफ कर दिया है कि अब पानी सर से ऊपर जा चुका है। इसलिए इसे सहन नहीं किया जाएगा।दुष्यंत पर 8 से 10% कमीशन के आरोप लगाने वालेबीरेन्द्र, हुड्डा,इनेलो व अन्य एक सप्ताह में जनता में सबूत दें। वरना कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उनके अनुसार जेजेपी राजस्थान चुनाव में भी मैदान में उतरेगी। कई ओर महत्वपूर्ण विषयों पर हुई बातचीत के कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत हैं :-

प्रश्न:- आपके भाई दुष्यंत के खिलाफ बड़े-बड़े राजनीतिज्ञ एक सुर अलाप रहे हैं, क्या कहेंगे?

उत्तर:- यह बात तो सभी ने मान ली है कि चाहे उम्र में वह बड़े हो, लेकिन राजनीतिक कद दुष्यंत के सामने उनका कुछ भी नहीं। सभी एक के खिलाफ एकजुट है। दुष्यंत की घेराबंदी कर उन्हें कमजोर करना चाहते हैं यानि सभी ने मान लिया है कि उम्र बेशक उनकी ज्यादा है, लेकिन सभी को एकजुट होना जरूरी है। हम उनकी उम्र का आदर करते हैं। लेकिन राजनीतिक परिपक्वता दुष्यंत जैसी किसी के पास नहीं है।

प्रश्न:- बेहद सीनियर राजनेता चौ0 बिरेंद्र सिंह ने भाजपा को जेजेपी से किनारा करने को लेकर एक अल्टीमेटम दिया है, क्या कहेंगे ?

उत्तर:- गठबंधन के नाते भाजपा के मैटर में हम कोई दखल नहीं दे सकते, यह भाजपा ने तय करना है। लेकिन हमारा स्टैंड क्लियर है कि उचाना सीट से 50000 वोटो से प्रदेश के ओजस्वी- तेजस्वी उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला चुनाव जीतेंगे।

प्रश्न:- उनके लिए उचाना सीट क्या पहले से ही तय कर दी गई है ?

उत्तर:- निश्चित तौर पर दुष्यंत चौटाला वहां से चुनाव लड़ेंगे और भारी मतों से जीतेंगे।

प्रश्न:- 51 साल के राजनीतिक कैरियर वाले बीरेंद्र सिंह 35 वर्ष के दुष्यंत के बारे में ऐसे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं, उस पर क्या कहेंगे ?

 उत्तर:- वह मेरे दादा के समान है। मैं उनकी इज्जत करता हूं। लेकिन किन हालातो में या अपनी राजनीतिक जमीन को देखते हुए वह इन बातों को कह रहे हैं, वह इस बात को बेहतर जानते हैं। लेकिन इस तरह के आरोप लगाना बिल्कुल गलत है। उनके आरोपों में भ्रष्ट और करप्शन जैसी बातों का प्रयोग किया गया, मैं पूरी बातों को नहीं दोहरा सकता। लेकिन मैंने इसके लिए साफ कहा है कि आप हमसे बड़े हैं, आदर योग्य हैं। इसका जवाब जरूर दें अन्यथा हम कोर्ट में मुलाकात करेंगे।

प्रश्न:- दुष्यंत के खिलाफ फ्रंट खोलने को आप उनका लोहा मान रहे हैं या बौखलाहट ?

उत्तर:- यह तो उनकी नियत है। लेकिन इसका लाभ हमें अवश्य मिलेगा। जितनी एकजुटता विपक्ष के नेताओं की दुष्यंत के खिलाफ हुई है, जितनी लामबंदी वह कर रहे हैं, यह आम जनता में एक संदेश है कि दुष्यंत बहुत मजबूत नेता हैं।

प्रश्न:- आपने अपनी प्रेसवार्ता में मोदी- दुष्यंत का एग्जांपल दिया है, वह क्या है ?

उत्तर:- निश्चित तौर पर देश में मोदी और हरियाणा में दुष्यंत का विकल्प नहीं है। देश का चुनाव मोदी अवश्य जीतेंगे, वह अवश्य प्रधानमंत्री बनेंगे और चौधरी दुष्यंत चौटाला हरियाणा के मुख्यमंत्री अवश्य बनेंगे।

प्रश्न:- लेकिन आप तो गठबंधन में हैं ?

उत्तर:- हालात और परिस्थितियों के हिसाब से सब होता है। समय तय करेगा कि कौन कैसे लड़ेगा।

प्रश्न:- पोस्टकार्ड के प्रयोग की योजना क्या है ?

उत्तर:- हम लाखों पोस्टकार्ड स्टूडेंट से लिखवाकर सरकार के पास भेजेंगे कि हम छात्र संघ चुनाव के इच्छुक हैं।

प्रश्न:- लेकिन हाईटेक जमाने में पोस्टकार्ड का प्रयोग क्यों ?

उत्तर:- जब कोई भी साथी अपने हाथ से लिखेगा, इस पर हस्ताक्षर करेगा तो उसके दिल में भावना पैदा होगी। वह मन से लिखेगा और जमा करवाएगा। इस तरह के मूवमेंट में भावना बननी बहुत जरूरी होती है और हम यह बना कर रहेंगे। छात्र संघ चुनाव की जरूरत है हम इसे करवा कर रहेंगे।

प्रश्न:- शीतकालीन सत्र में जजपा के 10 विधायकों ने छात्र संघ चुनावों का प्रस्ताव लाने की भी बात कही थी ?

उत्तर:- अगर ऐसा प्रस्ताव आएगा तो अवश्य ही मुझे उम्मीद है कि उसमें सभी सहयोग करेंगे।

प्रश्न:- आप डायरेक्ट चुनाव के पक्षधर हैं या इनडायरेक्ट?

उत्तर:- डायरेक्ट स्टूडेंट इलेक्शन वोट से चुनाव हो जैसा कि सभी यूनिवर्सिटीज में होता है।

प्रश्न:- भ्रष्टाचार पर बोलने वाले नेताओं को आपने वार्निंग देते हुए एक हफ्ते का समय दिया है, वह समझाएं ?

उत्तर:- दुष्यंत पर 8 से 10% कमीशन के आरोप लगाने वाले बीरेन्द्र, हुड्डा,इनेलो व अन्य एक सप्ताह में जनता में सबूत दें वरना कानूनी कार्यवाही के लिए तैयार रहें। बार-बार हम पर आरोप लगाए जा रहे हैं। जनता में ऐसा माहौल बना दिया गया कि अब लोग भी हमसे पूछ रहे हैं। आरोप लगाने वालों को जवाब देते हुए मैंने कहा है कि सबूत रखें अन्यथा अदालत में हमें जरूर जाना पड़ेगा। साथ ही मानहानि का केस चलाना होगा। जाट आंदोलन दौरान भी हम पर आरोप लगे और आरोप लगाने वालों को गिड़गिड़ाकर माफी मांगनी पड़ी थी। इस केस में भी ऐसा ही होगा।

प्रश्न:- चाचा भी  संदेश समय-समय पर आपको देते रहते हैं ?

उत्तर:- मैं किसी इंडिविजुअल बारे कुछ नहीं कहूंगा। राजनीति में सभी को बातें कहने का अधिकार है। लेकिन बातें कहने का अधिकार मोरल और एथिकल वैल्यूज को ध्यान में रखकर करना होता है। मन मे कुछ भी आए और कह दे, ऐसी बातें केवल एक-दो दिन ही सहन हो सकती हैं। रोजाना कोई बेगैरत बातें कहता रहे, ऐसे लोगों को सबक जरूर सिखाना चाहिए।

प्रश्न:- जाट आंदोलन में भी कुछ लोगों के बयान आए थे, फिर भी ऐसी हिम्मत क्यों ?

उत्तर:- उसे दौरान कमिशन बनाई गई थी, उसने बड़े-बड़े आरोप लगाए। दुष्यंत अदालत में गए और मैंने बहुत से ऐसे लोगों को घर पर आकर दुष्यंत के सामने गिड़गिड़ाते देखा है कि हमें माफ कर दो। हमने सरकार के कहने पर ऐसा किया था। दुष्यंत एक पढ़े-लिखे परिपक्व नेता हैं। वह एक-दो दिन सहन कर लेंगे। लेकिन जब पानी सर से ऊपर चला जाएगा तो फिर यह करना मजबूरी है। कब तक बिना सिर पैर वाली बेगैरत बातें हम सुनेंगे। इसे सहन करना असंभव सा है।

प्रश्न:- इनेलो की कैथल रैली को लेकर आपकी क्या टिप्पणी है?

उत्तर:- सभी को रैली करनी चाहिए। रैली करने का अधिकार हर किसी को है। देवीलाल एक ऐसा नाम है जो सूखे पेड़ पर भी लिख दिया जाए तो वह भी हरा भरा हो जाएगा। उनका नाम बहुत बड़ा है। वह राजनीति और राजनीतिक दलों से कहीं ऊपर उठकर है। उनके नाम से कोई भी आयोजन करता है, वहां लोग अवश्य ही जुड़ते हैं। राजस्थान में हमने कार्यक्रम किया, वहां लाखों लोगों की संख्या जुटी।

प्रश्न:- सीकर रैली की कामयाबी के बाद क्या आपके परिवार से कोई व्यक्ति वहां चुनाव लड़ेगा ?

उत्तर:- परिवार लड़ेगा या नहीं, हालात क्या होंगे, यह समय पर पार्टी तय करेगी। राजस्थान में हम पांच सालों से लगातार सक्रिय राजनीति में लगे हुए हैं। जब से पार्टी का गठन हुआ हम लगातार वहां मेहनत कर रहे हैं।

प्रश्न:- आपके परिवार का तो वहां से पुराना नाता रहा है ?

उत्तर:- बिल्कुल, वहां से हमारा सदा नाता रह रहा है। चौधरी देवीलाल वहां से चुनाव जीते। चौधरी अजय सिंह दो बार वहां से विधायक रहे और मुझे पूरी उम्मीद है कि इस बार भी जननायक जनता पार्टी बड़ी मजबूती से वहां उतरेगी।

प्रश्न:- मिशन 2024 लोकसभा-विधानसभा चुनावों को लेकर आपकी क्या गतिविधियां रहेंगी?

उत्तर:- हमने हर चीज के लिए कमर कसी हुई है। जननायक जनता पार्टी अपनी गति और समझ से बहुत अच्छा काम कर रही है। फील्ड में जजपा से अधिक कोई भी दल या नेता सक्रिय नहीं है। हमारी सभी रेलिया दूसरों से कहीं अधिक बढ़कर कामयाब हुई हैं। जननायक जनता पार्टी एक बड़ा करिश्मा करेगी। हम प्रदेश में 10 से 46 का आंकड़ा पार करेंगे।

प्रश्न:- आम आदमी पार्टी पर अपने विचार बताएं ?

उत्तर:- आम आदमी पार्टी का अभी कुछ खास धरातल पर नहीं है।  

                          (हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
                          (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Related News

static