कुरुक्षेत्र में कुत्तों के झुंड का भेड़ों पर हमला, 25 की मौके पर मौत...कई SYL नहर में बहीं
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 04:27 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र जिले के झांसा क्षेत्र में सरकारी अस्पताल के पास देर रात कुत्तों के झुंड ने भेड़ों के एक बड़े झुंड पर हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में 25 भेड़ें मौके पर ही मर गईं, जबकि करीब 25 से 30 भेड़ें डरकर पास की सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर में कूद गईं और बह गईं। कुल मिलाकर 50 से अधिक भेड़ों की मौत से पशुपालक को करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सलपानी कलां निवासी कुलदीप ने बताया कि उन्होंने करीब 10 महीने पहले ब्याज पर पैसे लेकर कैथल और झांसा क्षेत्र से 70 भेड़ें खरीदी थीं। वे रोजाना भेड़ों को आसपास के गांवों में चराने ले जाते हैं। घटना वाली रात वे झांसा और शांति नगर (कुरड़ी) क्षेत्र से भेड़ चराकर लौट रहे थे। उनके साथ चचेरा भाई बीरा राम और साथी बलदेव व मनीष भी मौजूद थे।
नहर किनारे बिताई रात
रात अधिक होने के कारण वे नहर किनारे ही रुक गए और वहीं भेड़ों के साथ ठहरने का फैसला किया। उनके पास उस समय 300 से अधिक भेड़ें थीं। चारों लोग बारी-बारी से निगरानी कर रहे थे। रात करीब 2 बजे 10-12 कुत्तों का झुंड आया, जिसे उन्होंने जागते हुए भगा दिया।
आधे घंटे बाद फिर किया हमला
करीब आधे घंटे बाद कुत्तों का झुंड दोबारा लौट आया। इस बार सभी थकान के चलते सो चुके थे। कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया, जिससे भेड़ों में भगदड़ मच गई। डर के कारण कई भेड़ें नहर में गिरकर बह गईं, जबकि कई को कुत्तों ने मार डाला। हैरानी की बात यह रही कि कुत्तों ने किसी भेड़ को खाया नहीं, बल्कि मारकर छोड़ दिया। कई भेड़ें गंभीर रूप से घायल भी हैं।
सुबह सामने आया मंजर
सुबह करीब 4 बजे जब उनकी आंख खुली तो चारों तरफ मरी हुई भेड़ें पड़ी थीं। कुछ भेड़ों के शव नहर किनारे मिले। गनीमत रही कि कुत्तों ने किसी व्यक्ति पर हमला नहीं किया।
खूंखार हो चुके हैं कुत्ते
बताया जा रहा है कि यह कुत्तों का झुंड आसपास की हड्डा रोड पर रहता है और मरे हुए पशुओं का मांस खाता है, जिससे वे काफी आक्रामक हो चुके हैं। पीड़ित पशुपालकों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। कुलदीप ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर भेड़ें खरीदी थीं और अब भारी नुकसान के चलते परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि वे अपना गुजारा जारी रख सकें।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)