कुरुक्षेत्र: आढ़ती पर जानलेवा हमला मामले में बड़ा खुलासा, पार्टनर ही निकला साजिशकर्ता; 3 गिरफ्तार,
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 03:24 PM (IST)
कुरुक्षेत्र(jकपिल): कुरुक्षेत्र की नई अनाज मंडी में फल एवं सब्जी आढ़ती पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। प्रारंभिक तौर पर मामला लूटपाट और हफ्ता वसूली से जुड़ा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात की साजिश आढ़ती के पार्टनर ने ही रची थी। दोनों के बीच हिसाब-किताब और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी अंकुश शर्मा सहित उसके दो साथियों साहिल शर्मा और रुद्रदेव उर्फ देव को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार गोबिंदगढ़ निवासी आढ़ती संजय कुमार ने शिकायत में बताया था कि 26-27 जुलाई की रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच उसके मोबाइल पर अमीन गांव के बिल्लू का फोन आया था। फोन पर बातचीत के करीब आधे घंटे बाद कार सवार 3-4 युवक उसकी दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि एक युवक ने उसकी पहचान पूछने के बाद लाठी से उसके सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद अन्य युवकों ने भी उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
बाथरूम में छिपकर बचाई जान
हमले के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने पर आढ़ती ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। शिकायत में उसने आरोप लगाया था कि आरोपी उसके पास रखे करीब 1.15 लाख रुपये लेकर फरार हो गए और जाते समय अन्य आढ़तियों को भी गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी। घायल संजय को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया पार्टनर का नाम
सीआईए-1 प्रभारी प्रतीक कुमार के अनुसार, जांच आगे बढ़ने पर सामने आया कि आढ़ती संजय कुमार और मुख्य आरोपी अंकुश शर्मा पार्टनर थे। दोनों के बीच खातों और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के पीछे इसी विवाद को लेकर रंजिश थी।
पुलिस ने मुख्य आरोपी अंकुश शर्मा, साहिल शर्मा और रुद्रदेव उर्फ देव को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में शामिल दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार और लाठी-डंडे भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस मामले की आगामी जांच और आरोपियों से पूछताछ कर रही है।