मानसून में MCG और GMDA की लापरवाही का खामियाजा भुगत रही ट्रैफिक पुलिस, देर रात का नियंत्रित कर रही स्थिति
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 08:23 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): मानसून से पहले नगर निगम और गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ने जलभराव रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाने के भले ही दावे किए हों, लेकिन इन दावों की पोल मानसून की शुरूआती बारिश में ही खुल गई। शहर में न केवल जलभराव की शिकायतें आई बल्कि कई स्थानों पर सड़क धंसने, सीवर के उफान पर होने की शिकायतें आई जिसके कारण लोगों को जाम की समस्या से भी जूझना पड़ा। इन समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारी अब एक बार फिर फील्ड में रहकर स्थिति नियंत्रित करने के दावे कर रहे हैं। हर बार की तरह इस बार भी दोनों ही विभागों की लापरवाही का खामियाजा ट्रैफिक पुलिस को भुगतना पड़ रहा है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
ट्रैफिक पुलिस देर रात तक सड़कों पर पानी के बीच खड़ी होकर लोगों को जाम से निजात दिलाने का कार्य कर रही है। लोगों को मानसून के दौरान परेशानी न हो इसके लिए गुड़गांव ट्रैफिक पुलिस ने 260 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया है जिन्होंने न केवल फील्ड में उतरकर मोर्चा संभाल लिया बल्कि जलभराव और सड़क धंसने के कारण लगे करीब 10 किलोमीटर लंबे जाम से कई घंटों तक जूझ रहे लोगों को राहत प्रदान की है।

गड्ढे खोदे MCG और GMDA ने, भुगत रही पुलिस
शहर में सीवर लाइन डालने के नाम पर नगर निगम और GMDA ने गड्ढे तो खोद दिए, लेकिन बरसात से पहले इन गड्ढों को बंद नहीं किया गया। इसका खामियाजा लोगों को परेशान होकर तो भुगतना पड़ा। वहीं, इस लापरवाही के कारण ट्रैफिक पुलिस की जान आफत में आई। फंसी हुई गाड़ियों के कारण सड़कों पर जाम लग गया। मंगलवार को हुई बारिश के दौरान झाड़सा रोड, कादीपुर रोड, सिविल लाइन्स डीसी रेजिडेंस के पास, नरसिंहपुर में दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे के पास सड़क धंसने से कई वाहन फंस गए जिसके कारण जाम लग गया। वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फंसी हुई गाड़ियों को गड्ढों से बाहर निकाला। इसके अलावा जलभराव में बंद हुए वाहनों को भी क्रेन की मदद से खींचकर सड़क किनारे किया गया ताकि ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त की जा सके।
श्हर में सड़कों पर गड्ढे भरती दिखी पुलिस
घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल कर बनाई गई सड़के मानसून की पहली बारिश में ही जगह-जगह से बह गई। ऐसे में आज सुबह से ही ट्रैफिक पुलिसकर्मी कई स्थानों पर सड़कों के गड्ढे बंद करते दिखाई दिए। इन गड्ढों के कारण सड़कों पर वाहनों की गति को ब्रेक लग गया था। जिसे ट्रैफिक पुलिस ने मलबा डालकर बंद किया ताकि वाहनों की गति पर ब्रेक न लगे। इसके अलावा पानी की निकासी के लिए कूड़े से बंद हो चुकी नालियों को भी कई स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने खोला ताकि सड़क पर भरे पानी की निकासी हो सके और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त हो सके।

लगाई गई अतिरिक्त क्रेन
मानसून के दौरान स्थिति संभालने के लिए जहां ट्रैफिक में 260 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को लगाया गया है वहीं, पुलिस ने क्रेन सहित अन्य वाहनों की अतिरिक्त व्यवस्था भी की है। पुलिस ने 5 क्रेन, 2 हाइड्रा मशीनें, 1 एंबुलेंस, 17 मोटरसाइकिल राइडर तथा 6 चार पहिया पुलिस वाहन अपने बेड़े में अतिरक्त शामिल किए हैं। ये सभी टीमें विशेष रूप से रात्रिकाल एवं वर्षा के दौरान गुरुग्राम शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं व्यस्त स्थानों पर तैनात रहकर किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करेंगी।
एक्सप्रेसवे पर होगी विशेष निगरानी
पुलिस द्वारा NH-48 के सभी प्रमुख प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोपहिया एवं तिपहिया वाहनों को किसी भी एंट्री पॉइंट से हाईवे पर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत चालान सहित आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इसके अतिरिक्त विशेष रूप से तैनात पुलिस बल एवं संसाधनों का उपयोग आवश्यकतानुसार यातायात रूट डायवर्जन, दुर्घटना स्थल से क्षतिग्रस्त वाहनों को शीघ्र हटाने, खराब वाहनों के कारण उत्पन्न अवरोध समाप्त करने तथा आपातकालीन यातायात प्रबंधन के लिए भी किया जाएगा, ताकि किसी भी स्थिति में यातायात लंबे समय तक प्रभावित न हो तथा आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा का सामना करना पड़े।