आरटीआई का जवाब न देने पर डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर सस्पेंड

punjabkesari.in Friday, Feb 17, 2023 - 06:46 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो) : आरटीआई का जवाब देने में लापरवाही बरतने पर नगर निगम के डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर विजय पाल यादव को सस्पेंड कर दिया गया है। शुक्रवार को हरियाणा नगर निकाय के अतिरिक्त चीफ सेक्रेटरी अरुण गुप्ता ने आदेश जारी कर उन्हें सस्पेंड किया है। आरटीआई कार्यकर्ता द्वारा मुख्यमंत्री को शिकायत देने के बाद यह कार्रवाई की गई है। वर्तमान में वह नगर निगम गुरुग्राम में तैनात थे। सस्पेंड किए जाने के बाद उन्हें नगर निगम यमुनानगर मुख्यालय भेजा गया है। इस आदेश को तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है। 

 

 

अधिकारियों के मुताबिक, यमुनानगर के गांव ओम नगर की ढाणी निवासी शेखर यादव ने कुछ समय पहले निगम में एक आरटीआई दायर कर जानकारी मांगी थी। इस जानकारी के लिए निगम की तरफ से जो जवाब दिया गया उससे याचिकाकर्ता संतुष्ट नहीं था। इस पर उसने अपील दायर की, लेकिन अपील में भी उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। यहां तक कि अधिकारियों ने जवाब दाखिल करने में भी लापरवाही दिखाई। अधिकारियों की कार्यशैली से नाराज होकर शेखर यादव ने इससे संबंधित शिकायत मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यालय में भेजी थी। इस पर कार्रवाई करने के मुख्यमंत्री ने हरियाणा नगर निकाय के अतिरिक्त चीफ सेक्रेटरी अरुण गुप्ता को आदेश दिए जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। आपको बता दें कि विजय पाल यादव काफी लंबे समय से गुड़गांव  नगर निगम में डिप्टी कमिश्नर में तैनात थे। आदेशों का पालन करने के लिए एक कॉपी नगर निगम कमिश्नर गुड़गांव पीसी मीणा को भी भेजी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pawan Kumar Sethi

Related News

static