कांग्रेस राज में 32 भर्तियां कानूनी प्रक्रिया में अटकी थी : सुदेश कटारिया
punjabkesari.in Sunday, Jun 11, 2023 - 12:26 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने कांग्रेस पार्टी पर कड़ा कटाक्ष करते हुए कहा है कि आज जो कांग्रेस हरियाणा में पारदर्शी तरीके से काबिल युवाओं को दी जाने वाली नौकरियों पर प्रश्नचिन्ह लगा रही है, तरह-तरह के आरोप लगा रही है, उन्हें अपने समय में बंदरबांट करके नौकरियां दिए जाने पर नजर डाल लेने की आवश्यकता है। कांग्रेस समय में किस प्रकार से भर्ती आयोग इनके हाथों की कठपुतली बने हुए थे, किस प्रकार से बड़े नेताओं के द्वारा बनाई गई लिस्ट के अनुसार नौकरियां दी जाती थी, हर भर्ती कानूनी प्रक्रिया में अटकी रहती थी और न्यायालयों की ओर से कांग्रेस की हरियाणा सरकार को हर भर्ती पर लगातार झाड़ लगाई जाती थी।
उन दिनों को भूलकर आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार में पूरी तरह से ईमानदारी से मिलने वाली नौकरियों पर बेफिजूल कटाक्ष करके लोगों की भावनाओं को आहत करने का काम कांग्रेस पार्टी कर रही है। लेकिन आज जनता भली-भांति जानती है कि भारतीय जनता पार्टी में नौकरी का पैमाना एकमात्र बच्चों की काबिलियत है। बच्चों की शिक्षा के आधार पर बिना भेदभाव नौकरियां दी जा रही है। आज गरीब से गरीब वर्ग जिन्होंने कभी बच्चे को नौकरी मिलने का सपना तक नहीं देखा था, वह बड़े बड़े अधिकारी लग रहे हैं। यह हमारी इमानदारी का एक उदाहरण है। हरियाणा भाजपा के प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने कहा कि बहुत से प्रदेश के नेता भी प्रदेश की जनता के लिए बरसाती मेंढक की तरह हैं। उन्हें प्रदेश की जनता के हितों से कोई वास्ता नहीं है।
गरीब के बेटे के एचसीएस बनने की बात ही कांग्रेस के लिए बनी है चिंता :कटारिया
सुदेश कटारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार ने करीब सवा लाख भर्तियां पारदर्शी तरीके से की हैं। कांग्रेसी नेताओं की यही पीड़ा है कि हरियाणा लोक सेवा आयोग व कर्मचारी चयन आयोग में कांग्रेस ने नौकरियां बेचने की जो दुकानें खोल रखी थी, वह मनोहर लाल ने बंद कर दी। अब गरीब का बेटा भी एचसीएस बनता है। मजदूर की बेटी भी पुलिस में भर्ती होकर प्रशासन चलाती है। कांग्रेसी नेता वह दौर भूल गए, जब कांग्रेस राज की प्रत्येक भर्ती प्रक्रिया कोर्ट में फंस जाती थी। 32 से ज्यादा भर्तियां कोर्ट में फंसी, जिस कारण युवाओं का पैसा, समय और आयु सब कुछ बर्बाद हो गया। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इनेलो व कांग्रेस के राज में एचसीएस तक की नौकरियां बेची जाती थी। आज समाज का हर वर्ग पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से खुश है। यदि कांग्रेसी नेताओं के पास भर्ती प्रक्रिया में और अधिक सुधार का कोई फार्मूला है तो वह सरकार को लिखकर भेज दें। यदि उपयोगी हुआ तो सरकार उस पर जरूर विचार करेगी।
टीशर्ट पहन शारीरिक शक्ति प्रदर्शन की बजाय राहुल को बौद्धिक विकास का करना चाहिए प्रदर्शन :कटारिया
भाजपा प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बेशक तमाम तरह के प्रयासों से जनता का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने का वह प्रयास कर रहे हैं बेशक राहुल गांधी ने देशभर में पदयात्रा की लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए ट्रक की यात्रा की लेकिन इन यात्राओं के दौरान भी उनकी हरकतों से वह पप्पू ही साबित हुए राहुल गांधी ने भरे सर्दियों में टीशर्ट पहनकर अपने शारीरिक शक्ति प्रदर्शन की कोशिश की लेकिन उन्हें मालूम होना चाहिए कि देश को चलाने के लिए शारीरिक नहीं बौद्धिक विकास और ताकत की आवश्यकता होती है इसी प्रकार भरी गर्मी में ट्रक यात्रा करके वह मालूम नहीं क्या साबित करना चाहते थे लेकिन उन्हें मालूम होना चाहिए कि 1 दिन ट्रक यात्रा करके गरीबों के दिलों की बात वह नहीं जान सकते धरती से जुड़कर रहने वाला नेता ही लोगों के दिलों में बस सकता है लोगों के दर्द को जान सकता है इस प्रकार की ड्रामेबाजी करके जनता के दिलों में जगह नहीं बनाई जा सकती।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)