रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग, मची अफरा-तफरी

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 02:16 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल परिसर स्थित 112 एम्बुलेंस कार्यालय के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते स्कूटी से धुआं और तेज लपटें निकलने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान वहां मौजूद एंबुलेंस कर्मचारियों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए कार्यालय में लगे फायर सिलेंडर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी हाल ही में खरीदी गई थी। अचानक आग लगने की वजह से आस-पास मौजूद लोग भी घबरा गए। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर वाहनों में आग लगने और बैटरी ब्लास्ट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। 

वहीं लोगों का कहना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों को पर्यावरण के लिहाज से बेहतर विकल्प माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा संबंधी घटनाएं सामने आने से अब उपभोक्ताओं का भरोसा भी डगमगाने लगा है। विशेषज्ञों का मानना है कि बैटरी की गुणवत्ता, ओवरहीटिंग, चार्जिंग में लापरवाही और तकनीकी खामियां इस तरह की घटनाओं का कारण बन सकती हैं। वहीं लगातार सामने आ रही घटनाओं के चलते इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)            

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static