कैंटर की टक्कर से पलटी आबकारी विभाग की गाड़ी, दबे हुए अधिकारियों को राहगीरों ने निकाला
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 05:07 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): साउदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर सेक्टर-77 के पास मंगलवार देर रात ड्यूटी कर रहे आबकारी एवं कराधान विभाग टीम की गाड़ी को तेज रफ्तार कैंटर चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सरकारी गाड़ी पलट गई। उसमें सवार सहायक उत्पाद शुल्क एवं कराधान अधिकारी(एईटीओ),पुलिसकर्मी सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
घटना के बाद चारों गाड़ी में फंस गए और मौके पर पहुंचे लोगों ने सभी को बाहर निकाला गया और उसके बाद इलाज के लिए नागरिक अस्पताल सेक्टर-दस में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने एईटीओ की शिकायत पर खेड़की दौला पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नारनौल में तैनात एईटीओ महिम शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मुख्यालय पंचकूला के आदेशानुसार अपनी टीम के साथ गुरुग्राम में चेकिंग ड्यूटी पर थे। मंगलवार रात करीब एक बजे जब उनकी सरकारी स्कॉर्पियो कार एसपीआर रोड पर खड़ी थी, सभी कार में ही सवार थे। तभी एक तेज रफ्तार कैंटर वहां से गुजरा। टीम ने टॉर्च और हाथ का इशारा देकर उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक कैंटर को रोक नहीं सका और सीधे सरकारी गाड़ी में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सरकारी गाड़ी बीच सड़क पर ही पलट गई और टीम के सदस्य अंदर फंस गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद की और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में एईटीओ महिम शर्मा, ड्राइवर देशराज, सेवादार उमेश और ईएचसी कृष्ण कुमार को चोटें आईं। घायलों को तुरंत सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने स्थिति का जायजा लिया। आरोपी चालक की पहचान महेंद्र निवासी बदायूं, यूपी के रूप में हुई है। टक्कर के दौरान कैंटर के केबिन का दरवाजा खुल जाने की वजह से हादसा और भी गंभीर हो गया, जिससे सरकारी वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और कैंटर को जब्त कर लिया गया है।