दर्दनाक हादसा: पूर्व सैनिक और पत्नी की मौत, पिकअप ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर
punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 07:48 PM (IST)
झज्जर (दिनेश मेहरा) : झज्जर जिले के गांव दादनपुर के पास नेशनल हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी की टक्कर से ऑटो में सवार पूर्व सैनिक और उसकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
जानकारी के अनुसार किरड़ो गांव निवासी पूर्व सैनिक सुखपाल अपनी पत्नी संतोष सहित अन्य लोगों के साथ ऑटो में सवार होकर झज्जर आ रहे थे। जब उनका ऑटो दादनपुर गांव के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान पूर्व सैनिक सुखपाल ने दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी संतोष की भी सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे में घायल अन्य चार लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में भी घटना के बाद मातम का माहौल है।
वहीं मामले की जांच कर रहे एसआई प्रवीण ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दादनपुर गांव के पास पिकअप गाड़ी और ऑटो की टक्कर से सड़क हादसा हुआ है। जांच अधिकारी के अनुसार मृतकों के परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)