हरियाणा: आबकारी विभाग की टीम ने मारा छापा, सोनीपत में अवैध शराब की खेप पकड़ी, 1200 पेटियां बरामद
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 01:50 PM (IST)
सोनीपत (ब्यूरो) : गांव फतेहपुर स्थित एल-2 गोदाम में शराब के अवैध भंडारण का खुलासा होने पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। करनाल आबकारी विभाग की टीम ने सोनीपत आबकारी विभाग के सहयोग से देर रात छापा मारते हुए 1200 पेटी देशी शराब बरामद की जिन्हें मौके पर ही जब्त कर सील कर दिया गया। जब्त शराब की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
जिला आबकारी एवं कराधान अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि करनाल आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि फतेहपुर गांव स्थित एल-2 श्रेणी के गोदाम में नियमों को ताक पर रखकर शराब का भंडारण किया जा रहा है। यह गोदाम अशोक कुमार के नाम पर पंजीकृत है। सूचना के आधार पर आबकारी एवं कराधान अधिकारी करनाल नीरज कुमारी के नेतृत्व में टीम गठित कर वीरवार देर रात छापेमारी की गई।
जांच में सामने आया कि बरामद शराब झज्जर स्थित डिस्टलरी से बहादुरगढ़ के लिए जारी परमिट पर रवाना की गई थी लेकिन नियमानुसार गंतव्य पर पहुंचने के बजाय इसे सोनीपत के फतेहपुर स्थित गोदाम में उतार दिया गया। टीम को पहले से पुख्ता सूचना थी कि शराब को जिले में अवैध रूप से लाकर आगे आपूर्ति की तैयारी की जा रही है। मौके पर जांच दौरान पाया गया कि गोदाम में शराब का भंडारण आबकारी नियमों अनुसार नहीं किया जा रहा था। विभाग को आशंका है कि यह शराब अवैध रूप से बाजार में सप्लाई की जानी थी। पूरी खेप को जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया है।
आबकारी विभाग ने मामले की पूरी रिपोर्ट तैयार कर आबकारी आयुक्त पंचकूला को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं से जुर्माना और कानूनी कार्रवाई को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। अब विभाग यह भी जांच कर रहा है कि इस अवैध भंडारण में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, शराब किन इलाकों में सप्लाई की जानी थी और क्या इससे पहले भी इस तरह की गतिविधियां की जा चुकी हैं। संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)