फैक्टरी में बॉयलर का ढक्कन खोलने से हुआ धमाका, 7 मजदूर झुलसे
punjabkesari.in Thursday, Jul 21, 2022 - 10:44 AM (IST)
रतिया: बुधवार दोपहर को रतिया उपमंडल के गांव नागपुर में स्थित टायरों से तेल निकालने वाली फैक्टरी के बॉयलर का ढक्कन खोलने के कारण उससे निकली स्टीम से करीब 7 मजदूरों के झुलसने की सूचना मिली है। झुलसे हुए मजदूरों को फतेहाबाद व हिसार के अस्पतालों के अलावा हिसार के एक निजी बर्न अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जबकि अन्य 3 मजदूरों को मामूली चोटें लगी हैं।
उपरोक्त घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी देवेंद्र नैन, नागपुर के बी.डी.पी.ओ. सुशील मंगला, चौकी इंचार्ज जतिंद्र सिंह के अतिरिक्त एम्बुलैंस की गाडिय़ां मौके पर पहुंच गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार रतिया क्षेत्र के गांव नागपुर के मढ़ रोड पर जैन ग्रुप की टायरों से तेल निकालने की फैक्टरी है। इस फैक्टरी में दर्जनों मजदूर टायरों से तेल निकालने का काम करते हैं। बताया गया है कि टायरों को पिघलाने के लिए जिस बॉयलर का प्रयोग किया जाता है, उसे पहले हीट दी जाती है, उसके बाद बॉयलर से तेल टपकता रहता है और जब तेल आना बंद हो जाता है तो बॉयलर के ठंडा होने पर उसका ढक्कन खोलकर वेस्टेज को बाहर निकाला जाता है।