कुरुक्षेत्र में किसान से प्लॉट की धोखाधड़ी: इंतकाल न होने का उठाया फायदा, दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर करवाई Registry

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 12:11 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र शहर में एक किसान के प्लॉट को लेकर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि इंतकाल न होने का फायदा उठाकर आरोपियों ने किसान की जमीन का हिस्सा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करवा दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बगथला गांव निवासी कुलवंत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शहर में उसके पास 222 वर्ग गज का प्लॉट है। वर्ष 2003 में उसने चंचल से 206 वर्ग गज और सोना देवी से 16 वर्ग गज का प्लॉट खरीदा था। इनमें से 206 वर्ग गज का इंतकाल वर्ष 2008 में उसके नाम हो गया, लेकिन 16 वर्ग गज का इंतकाल नहीं हो पाया।

सुनकर हैरान रहा किसान

कुलवंत सिंह ने बताया कि दिसंबर 2024 में उसने यह पूरा प्लॉट सेक्टर-13 निवासी राजेंद्र प्रसाद को 95 लाख रुपये में बेचने का इकरार किया। राजेंद्र प्रसाद ने उसे 71.23 लाख रुपये भी दे दिए। बाद में नवंबर 2025 में राजेंद्र प्रसाद ने शिकायत दी कि 222 वर्ग गज के प्लॉट में से 144 वर्ग गज पहले ही ममता रानी के नाम रजिस्ट्री हो चुका है। यह सुनकर कुलवंत सिंह हैरान रह गया और उसने तुरंत रजिस्ट्री की कॉपी निकलवाई। जांच में सामने आया कि 6 अप्रैल 2009 को 144 वर्ग गज प्लॉट की रजिस्ट्री ममता रानी के नाम करवाई गई थी, जबकि उसने इस प्लॉट का कोई हिस्सा किसी को नहीं बेचा था।

शिकायत के अनुसार किसी व्यक्ति को उसकी जगह खड़ा कर फर्जी तरीके से ममता रानी के नाम रजिस्ट्री करवाई गई और बाद में इंतकाल भी उसी के नाम करवा दिया गया। कुलवंत सिंह ने आरोप लगाया कि यह धोखाधड़ी कश्मीर चंद नंबरदार, हिसाम सिंह नंबरदार और बलवान सिंह की मिलीभगत से की गई है।

वहीं मामले में ममता रानी समेत कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने थाना सिटी थानेसर में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही पूरे प्रकरण में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो पाएगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static