जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर हुआ खूनी संघर्ष, कई लोग गंभीर रूप से घायल

punjabkesari.in Wednesday, Jul 05, 2023 - 04:40 PM (IST)

फरीदाबाद (अनिल राठी) : जिले के सागरपुर गांव में जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर झड़प हुई। इस झड़प में एक पक्ष की तरफ से दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडे और चाकू से हमला किया गया। इस पूरे मामले में दूसरे पक्ष के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें पुरुष महिला और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घायल अवस्था में सभी लोगों को बल्लभगढ़ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां पर उनका इलाज किया गया। वहीं पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस की तरफ से कार्यवाही नहीं की गई। कई बार शिकायत देने के बावजूद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है और इसी के चलते आज उनके ऊपर हमला हुआ है। तो वहीं पुलिस पर भी आरोपी के साथ मिलीभगत का आरोप पीड़ित पक्ष द्वारा लगाया गया।

दरअसल पूरा मामला जमीन को लेकर चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने किसी अन्य व्यक्ति से गांव सागरपुर के पास करीब 4 साल पहले कोई जमीन खरीदी थी। उसका कब्जा भी पीड़ित पक्ष ने जमीन बेचने वाले से ले लिया है। परंतु जैसे ही उस पर पीड़ित पक्ष मकान बनाने जाता है सभी बदमाश परवर्ती के कुछ लोग आकर उनके साथ मारपीट करते हैं और उनकी बनाई गई मकान की दीवार को तोड़ जाते हैं। इस मामले में पीड़ित पक्ष द्वारा कई बार पुलिस को शिकायत दी गई है। बावजूद इसके पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। वहीं पीड़ित पक्ष ने सदर थाना के प्रभारी महेंद्र पाठक पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी तरफ से कोई कार्यवाही ना किए जाने को लेकर लगातार आरोपी पक्ष हमलावर हो रहा है। इसी को लेकर आज उनके प्लॉट पर आकर आरोपी पक्षों ने लाठी-डंडे और तेजधार हथियार से उनके परिवार के ऊपर हमला कर दिया। इस पूरे मामले में उनके परिवार के कई लोग घायल हुए हैं। जिसमें बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों ने बुजुर्ग महिलाओं को भी नहीं बख्शा। उनके ऊपर भी आरोपी पक्ष की तरफ से हमला किया गया। फिलहाल अब पीड़ित पक्ष बल्लभगढ़ डीसीपी से न्याय की गुहार लगाने पहुंचे हैं। उन्हें उम्मीद है कि यहां से उन्हें इंसाफ मिलेगा और आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही होगी।

वहीं सदर थाना के प्रभारी महेंद्र पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते दिन सागरपुर गांव में जमीन को लेकर विवाद हुआ है। इस मामले में पीड़ित पक्ष की तरफ से दी गई शिकायत को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। इस पूरे मामले में 2 लोगों के नाम सहित अन्य लोगों के नाम से एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Related News

static