Charkhi Dadri News: शादी में हर्ष फायरिंग बना काल, बच्ची की हुई मौत

punjabkesari.in Thursday, Dec 12, 2024 - 08:57 AM (IST)

चरखी दादरी (पुनीत श्योराण) :  दादरी शहर में एक हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। दरअसल, दादरी शहर में आयोजित शादी में अपने परिजनों के साथ आई झज्जर जिला निवासी 13 वर्षीय लड़की की गोली लगने से मौत हो गई। इसके अलावा गोली के छर्रे लगने से लड़की की मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे चरखी दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

मामले की सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और सिविल अस्पताल में परिजनों से बात की। पुलिस ने मृतका लड़की के पिता के बयानों के आधार पर अज्ञात फायरिंग करने वाले पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतका की मां घायल अवस्था में 

PunjabKesari
 

ये है मामला

जानकारी के अनुसार झज्जर जिले के गांव बहु निवासी खाद-बीज के दुकानदार अशोक कुमार मंगलवार देर रात दादरी शहर के उत्सव गार्डन में अपनी पत्नी सविता, बड़ी बेटी जिया, छोटी बेटी रिया और बेटे मयंक के साथ शादी समारोह में शिरकत करने पहुंचा था। गार्डन में झज्जर जिले के गांव खोरड़ा निवासी उसके दोस्त विजय की बेटी रविना की शादी का कार्यक्रम था। 

PunjabKesari

अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि वह खाना खाने और कन्यादान करने के बाद घर जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान उत्सव गार्डन के अंदर बारात में आए हुए कुछ युवक हर्ष फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान 13 वर्षीय बेटी जीया को गोली लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर लग गई। साथ ही में पत्नी को भी गोली के छर्रे लगे हैं। उन्होंने बताया कि वे अपनी बेटी और पत्नी को लेकर चरखी दादरी सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी बेटी जिया को मृत घोषित कर दिया और उसकी पत्नी का उपचार चल रहा है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले की सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू की। बता दें मृतका नौवीं कक्षा की छात्रा थी।

अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरूः DSP

मामले को लेकर डीएसपी सुभाष चंद्र ने कहा कि शादी में  हर्ष फायरिंग करने का मामला सामने आया है, जिसमें एक लड़की की गोली लगने से मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इस मामले पर मृतका के पिता अशोक कुमार की शिकायत पर सिटी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।



(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static