विदेशी लड़की ने शादी का झांसा देकर ठगे 39 लाख 51 हजार रुपए, मामला दर्ज

punjabkesari.in Friday, Nov 01, 2019 - 12:27 PM (IST)

नरवाना (राजीव) : नरवाना सदर थाना क्षेत्र में एक हनी ट्रैप का मामला उजागर हुआ है। आयरलैंड में रहने वाली एक लड़की ने सोशल मीडिया साइट पर शादी का झांसा देकर सुदकैन गांव के एक युवक के खाते से 39 लाख 51 हजार 500 रुपए की राशि अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा ली। अब युवक को न लड़की मिली और न ही उसके पैसे लौटाए गए। सदर थाना पुलिस ने युवक की शिकायत पर आयरलैंड में रहने वाली लड़की व लंदन में रहने वाले 2 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। 

सदर थाना प्रभारी इंस्पैक्टर कृष्ण कुमार ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकत्र्ता सुदकैन कलां गांव निवासी बलजौर सिंह ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवा कर बताया कि वह अविवाहित है और उसने शादी के लिए वैडिंग साइट पर अपना स्टेटस शादी के लिए डाला हुआ था। इस दौरान उसका संपर्क आयरलैंड में रहने वाली एक विदेशी लड़की से हुआ।

उक्त लड़की व उसके साथियों ने उसे शादी का झांसा देकर अलग-अलग बैंकों से 39 लाख 51 हजार 500 रुपए की राशि ट्रांसफर करवा ली। लेकिन बाद में न तो लड़की ने शादी के लिए हां की और न ही उसके पैसे लौटाए बल्कि पैसे मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। 

इंस्पैक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने युवक बलजौर सिंह की शिकायत पर आयरलैंड में रहने वाली लड़की व लंदन में रहने वाले उसके 2 अन्य साथियों के खिलाफ भा.दं.सं. की धारा 420/506 तथा आई.टी. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static