गुड़गांव में रिटायर्ड कर्नल के परिवार को बंधक बनाकर लूट करने वाले चार और गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 06:56 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): पालम विहार में रिटायर्ड कर्नल के परिवार को बंधक बनाकर लूट करने के मामले में गुड़गांव पुलिस की अपराध शाखा ने 4 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक आरोपी बांग्लादेश का रहने वाला है। आरोपियों की पहचान कलीम उर्फ असलम निवासी गांव खलीलग्रबी जिला शाहजाहपुर (उत्तर-प्रदेश) हाल निवासी दरगाह निजामुद्दीन औलिया निजामुद्दीन, वेस्ट दिल्ली, जावेद उर्फ राजा निवासी गांव लोहाकपसिया, जिला मधुबनी (बिहार) हाल निवासी दिलदार नगर बस्ती, हज़रत निजामुद्दीन, वेस्ट दिल्ली, मोहम्मद रज्जा उर्फ सानु निवासी गांव सकरामपुर जिला रामपुर (उत्तर-प्रदेश) हाल निवासी संगम विहार, वजीराबाद, दिल्ली व मोहम्मद आलमगीर निवासी बांग्लादेश, हाल निवासी संगम विहार, वजीराबाद, दिल्ली के रूप में हुई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
लूट की वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई गाड़ी आरोपी जावेद की थी तथा आरोपी मामून व आलमगीर बाहर रैकी कर रहे थे। आरोपी मोहम्मद खैरुल, कलीम व मोहम्मद रज्जा वारदात को अंजाम देने के लिए घर के अंदर गए थे। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई 1 कार भी बरामद की है। मामले में आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
आपको बता दें कि 4 जून को पालम विहार एरिया में रिटायर्ड कर्नल के घर में ग्रिल काटकर कुछ लोग प्रवेश कर गए थे जिन्होंने परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी घर से नकदी व गहने साथ ले गए थे। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले को जांच के लिए अपराध शाखा पालम विहार को सौंपा था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने चार बांग्लादेशियों को पकड़ने का प्रयास किया जिन्होंने अंडरपास में छलांग लगा दी थी जिसके कारण उनके हाथ पैर में फ्रेक्चर आया था। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अब उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।