लड़की से छेड़छाड़, विरोध करने पर की पिटाई

punjabkesari.in Thursday, Jul 19, 2018 - 10:58 AM (IST)

रेवाड़ी(वधवा): दिल्ली-जयपुर हाईवे के एक होटल पर रुकी राजस्थान रोडवेज की बस से उतरे एक परिवार की लड़की से बुधवार को छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर उसकी जमकर पिटाई की गई। बहन की लाज बचाने के लिए जैसे ही भाई आगे बढ़े तो उनको बर्फ तोडऩे वाले तेज धारदार हथियार (सुआ से) से लहूलुहान कर दिया गया। एक भाई के हाथ से सुआ आरपार कर दिया। इस वारदात के बाद होटल पर भगदड़ मच गई और सभी घायलों को रेवाड़ी के ट्रामा सैंटर में भर्ती करवाया गया, जिसमें एक की हालत गंभीर होने पर रैफर कर दिया गया है। हमले व छेड़छाड़ का आरोप होटल के कारिंदों पर लगा है। 

जानकारी के अनुसार यह वारदात हाईवे स्थित गांव संगवाड़ी के पास एक होटल की है। यहां सीकर से दिल्ली जाने वाली राजस्थान रोडवेज की बसें प्राय: रुकती हैं। ऐसी एक बस में सीकर जिले के रहने वाले 3 भाई व 3 बहन सफर कर रहे थे। यह बस जब संगवाड़ी स्थित होटल पर रुकी तो परिवार के विकास शर्मा और निखिल शर्मा भी खाना खाने के लिए बहनों के साथ बस से नीचे उतरे। भाइयों के अनुसार उनकी एक बहन जब होटल के टायलेट में गई तो वहां कारिंदों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। उसने जब विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। उसके द्वारा शोर मचाने पर जब विकास वहां पहुंचा तो एक कारिंदे ने बर्फ  तोडऩे वाले सुए से उसके पेट में वार किया और लहूलुहान कर दिया। 

दूसरा भाई निखिल भी जब वहां पहुंचा तो कारिंदों ने उसकी हथेली में सुआ मारकर आरपार कर दिया। लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां गंभीर हालत होने पर दोनों को रोहतक रैफर कर दिया। छेड़छाड़ पीड़िता राजस्थान स्वास्थ्य विभाग में बतौर ए.एन.एम. कार्यरत है कसौला थाना के प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि बहन की शिकायत पर हमलावर कारिंदों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।आरोपियों की अभी पहचान नहीं हुई है। उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। '


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static