मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरी की व्यवस्था एक अच्छा कदम है: कार्तिकेय शर्मा

punjabkesari.in Saturday, Nov 05, 2022 - 09:54 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): प्रदेश के युवाओं के लिए काम करने के एक जज्बे के साथ वोट मांगकर भाजपा-जजपा के सहयोग से राज्यसभा सांसद बने कार्तिकेय शर्मा लगातार जनता के बीच में जाकर उनके सुख-दुख में ना केवल शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कई अहम मुद्दों पर पंजाब केसरी से खास बातचीत की।

प्रश्न:- राज्यसभा सांसद बने, मुख्य लक्ष्य क्या है ?

उत्तर:- राज्यसभा सांसद बनते ही मैंने कुछ प्राथमिकताएं निर्धारित की हैं। मुख्यतः तीन मुद्दों पर मैंने काम करना शुरू किया है। एजुकेशन- युवाओं के लिए रोजगार और वोकेशनल ट्रेनिंग खास तौर पर स्पोर्ट्स में हम और अच्छा क्या कर सकते हैं, कुछ खेलों में हमारे यहां ज्यादा इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद नहीं है, क्योंकि हमारे हरियाणा के बच्चों में काफी क्षमता है, विभिन्न प्रकार के खेलों में हमारे प्रदेश की सबसे अच्छी परफॉर्मेंस रही है, इन मुद्दों को लेकर मैं हमेशा प्रयास करूंगा।

 

प्रश्न:- प्रदेश का युवा रोजगार को लेकर काफी आशंकित है ?

उत्तर:- यह बात बिल्कुल सही है कि युवा रोजगार और कैरियर को लेकर बेहद चिंतित है। उनके माता-पिता भी इस बात से इत्तेफाक रखते हैं। लेकिन हर व्यक्ति को सरकारी नौकरी संभव नहीं है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरी की व्यवस्था की है यह एक अच्छा कदम है। विनोद शर्मा जी ने 2014 में इंटरव्यू खत्म करने मेरिट पर नौकरी देने की आवाज प्रदेश में उठाई थी। आज युवा को काबिलियत के आधार पर नौकरी दी जा रही है। सरकारी नौकरी के अलावा भी बहुत से आयाम है। आज दुनिया बदल रही है -देश बदल रहा है -नए आयाम स्थापित हो रहे हैं- नई नई टेक्नोलॉजी आ रही है, युवाओं को उस व्यवस्था से जुड़ने की आज काफी जरूरत है। मैं भी इस प्रकार के प्रोग्राम को अंकित करने को लेकर कोशिश करूंगा।

 

 प्रश्न:- खासतौर पर हरियाणा- पंजाब के युवा 10वीं- 12वीं करते ही विदेशों की तरफ रुख कर रहे हैं, आप इसे कहां तक सही मानते हैं ?

उत्तर:- यह बात बिल्कुल सच है लेकिन एक दूसरा नजरिया यह भी है कि हमारे देश के लोग विदेशों में जाकर हमें गौरवान्वित महसूस करवा रहे हैं। लोगों को जहां भी मौका मिलता है वह वहां काम करना पसंद करते हैं। यूके के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और अमेरिका के उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के बनने पर हमने सेलिब्रेट किया तो इस नजरिए से देखें तो बच्चे कहीं भी जाकर कामयाब हो यह एक अच्छी बात है। लेकिन हमारे पास यहां भी रोजगार की स्थाई व्यवस्था होनी चाहिए। उसके बाद बच्चे कहीं भी जाएं कुछ गलत नहीं होगा।

 

प्रश्न:- पंजाब के बाद अब हरियाणा के बच्चे भी नशे की लत में लग रहे हैं?

उत्तर:- नशा लंबे समय से खासतौर पर पंजाब में बड़ी समस्या रहा है. लेकिन जब युवा को मौका नहीं मिलता तो मायूस होकर वह गलत रास्ते की ओर चल पड़ते हैं। इसलिए चाहे रोजगार, स्पोर्ट्स या एंटरटेनमेंट के माध्यम से मौका दिया जाए यह आज बेहद जरूरी हो चुका है। व्यापक रूप से हमें काम करना होगा। यह लंबी पुराने समय की समस्या को खत्म करने के लिए लंबी लड़ाई लड़ना आज की जरूरत है।

 

प्रश्न:- प्रदेश के युवा दुनिया में अपनी ताकत का लोहा मनवा चुके हैं, लेकिन प्रदेश में हॉकी जैसे खेल का इंफ्रास्ट्रक्चर या क्रिकेट के कोच तक नहीं मौजूद होना कहां तक उचित मानते हैं ?

उत्तर:- बहुत तरह की समस्याएं होती हैं। कहीं संघ होते हैं फिर एसोसिएशन होती हैं। हर प्रदेश हर खेल की सुविधा उपलब्ध नहीं करवा सकता। अब उड़ीसा ने जिस प्रकार से हॉकी को लेकर एक मॉडल पेश किया, बच्चों को ट्रेंड करने की एक नर्सरी बनाई। जिस कारण से हॉकी वापस दोबारा लोगों के जेहन में आई है। खिलाड़ियों को एक अच्छा एनवायरनमेंट मिला है। अगर हर राज्य 1-1 खेल को पकड़कर वहां फैसिलिटी बढ़ाए, क्षमता पैदा करें तो हमारा देश हर खेल में विदेशों में डंका बजा सकता है। हरियाणा कई स्पोर्ट्स में काफी आगे है। हमें इसके लिए मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और फैसिलिटी का प्रबंध करना होगा। आज हमारे रेसलर और बॉक्सर को ट्रेनिंग -फिजियोथैरेपी और कोचिंग के लिए यूरोप में जाना पड़ता है। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर यह सभी चीजें उपलब्ध हो तो उनकी परफॉर्मेंस में और बढ़ोतरी होगी और देश को बेहद फायदा होगा। इसलिए हमें पूरे देश में खेलों को लेकर काम करने की जरूरत है।

 

 प्रश्न:- बतौर राज्यसभा सांसद हरियाणा के लिए आपकी मुख्य योजनाएं क्या है ?

उत्तर:- मैंने अंबाला जिला गोद लिया है। कई चीजों को लेकर मैं वहां काम करना चाहूंगा। जीटी रोड की बात हो तो चार-पांच साल की उम्र से मेरी याद में लगातार वहां काम चल रहा है। बहुत से विषयों जैसे युवाओं के रोजगार- केंद्र की स्कीम्स को क्रियान्वित करने के लिए जहां-जहां गैप है, उन्हें लेकर केंद्र -राज्य सरकार में समन्वय से मदद करना चाहूंगा। मैंने कुछ चीजें चिन्हित भी की है। केवल अंबाला ही नहीं सभी विषयों को लेकर प्रदेश के लिए अगले सेशन में आवाज उठाऊंगा।

 

प्रश्न:- विनोद शर्मा हरियाणा के स्थापित ब्राह्मण नेताओं में शुमार हैं। कई ब्राह्मण संगठन आपके बनने के बाद काफी उत्साहित है। ब्राह्मणों की एकता के लिए आपकी क्या सोच है?

उत्तर:- समाज से मिल रहे प्यार और आशीर्वाद से बहुत उत्साहित हूं और मैं उनका धन्यवादी हूं। लेकिन हमें 36 बिरादरी को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा। तभी आगे का रास्ता और मजबूत हो सकता है। मेरी जीत में सभी समाज ने एकत्रित होकर वोट किया, यह सामाजिक एकता का एक बड़ा उदाहरण है।

 

 प्रश्न:- पिता द्वारा बनाए गए राजनीतिक संगठन को लेकर आपकी भविष्य की सोच क्या है ?

 उत्तर:- चुनाव को अभी 2 साल का वक्त है। चुनाव नजदीक आने पर स्थितियां बदलती हैं। परिस्थितियों को देखकर आगामी फैसला लेंगे।

 

 प्रशन:- आपका केंद्र और राज्य दोनों सरकारों से काफी अच्छा तालमेल है, चुनाव में इसका कितना लाभ  मिला ?

 उत्तर:- मेरा भारतीय जनता पार्टी ने सहयोग किया। जजपा पार्टी का भी मैं धन्यवादी हूं और जिन्होंने मेरा सहयोग किया है मैं उनके सहयोग के लिए हमेशा खड़ा रहूंगा।

 

 प्रश्न:- हिमाचल और गुजरात के चुनाव में आम आदमी पार्टी की सक्रियता पर क्या कहेंगे ?

उत्तर:- हमारे यहां चुनाव एक पर्व के रूप में मनाया जाता है। जिसमें हर पार्टी को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। अपना दम दिखाने का एक यह बेहद बढ़िया अवसर होता है। लेकिन चुनाव का एक ही असूल है कि जनता जनार्दन है। वोट की पेटी खुलने पर ही पता लगता है कि कौन सही और कौन गलत है।

 

 प्रश्न:- आम आदमी पार्टी का हरियाणा में क्या भविष्य देखते हैं ?

 उत्तर:- मुझे नहीं लगता कि अभी कोई भी टिप्पणी करना उचित होगा। अभी चुनाव में 2 साल पड़े हैं। हम कुछ भी कहे, फैसला जनता को ही करना होगा। आदमपुर चुनाव रिजल्ट सब कुछ तय कर देंगे।

 

 प्रशन:- एसवाईएल मुद्दे पर दोनों प्रदेशों के मुख्यमंत्री बैठे, लेकिन निष्कर्ष नहीं निकला। आपका इस पर क्या दृष्टिकोण है ?

उत्तर:- यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण रहा कितने महत्वपूर्ण विषय को लेकर जिसमें दोनों राज्यों के लोगों के रोजगार और किसानी का मुद्दा जुड़ा है, अभी तक उसका फैसला नहीं हो पाया। पंजाब और हरियाणा दोनों ने मिलकर फैसला करना है और मुख्यमंत्री मनोहर लाल लगातार प्रयासरत हैं कि जल्द से जल्द फैसला निकले और इसी में सभी का हित है। जहां तक भगवंत मान से मेरी बात हुई वह भी इसके फैसले की इच्छा रखते हैं। यह एक राजनीतिक इच्छाशक्ति होगी कि जल्द से जल्द फैसला हो।

 

प्रश्न:- राजनीतिक और पारिवारिक रूप से पंजाब से आपका नाता है, अलग राजधानी को लेकर आपका स्टैंड क्या है ?

उत्तर:- हरियाणा का हक हरियाणा को मिलना चाहिए। हक की लड़ाई लड़ना गलत बात नहीं है। स्वतंत्रता सेनानियों ने भी हक की लड़ाई लड़ी। लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना उचित बात है। हमें हक मिलना चाहिए। जहां-जहां हमारा हक मारा गया है उस पर हमें अपना अधिकार दिखाना चाहिए।

 

 प्रश्न:- कांग्रेस की अलग-अलग डफली अलग-अलग राग को लेकर आपके क्या विचार हैं ?

 उत्तर:- कांग्रेस और आम आदमी में आज काफी दूरी बढ़ चुकी है और यही कांग्रेस के पतन का कारण है। लोगों की सोच धरातल पर क्या है, कांग्रेस पार्टी नहीं जानती। इस गैप के कारण कांग्रेस समापन की ओर है। राज्यसभा चुनाव में भी सभी ने देखा कि कांग्रेस ने बाहरी उम्मीदवार को मैदान में उतारा। इन बातों का खामियाजा कांग्रेस पार्टी भुगत रही है और 6 तारीख की गिनती में जनता के आदेश से यह तय हो जाएगा कि कांग्रेस का भविष्य क्या है।

 

प्रश्न:- राहुल की पदयात्रा कितनी सफल होगी ?

उत्तर:- मुझे नहीं लगता कि राहुल की पदयात्रा पर कोई टिप्पणी करना उचित है। मेरा कहना यह है कि पार्टी टूटी पड़ी है, पार्टी भी जोड़नी चाहिए। देश बाद में जोड़ लेते।

 

प्रश्न:- अलग विधानसभा के लिए जगह सुनिश्चित हो चुकी है, इस पर क्या कहेंगे ?

 उत्तर:- यह एक तकनीकी फैसला है जो समय पर ही होगा। मेरी जानकारी अनुसार अभी कोई फैसला नहीं हुआ। परिस्थितियों के क्लियर होने पर ही मामला क्लियर होगा।

 

 प्रश्न:- हरियाणा में अपनी राजनीति और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आपकी सोच क्या है ?

 उत्तर:- पिछले तीन चार महीने में आपने देखा होगा कि कितनी सक्रियता रही है। मुझे लोगों से मिलने उनकी बात सुनने और समाधान करने में आंतरिक शांति मिलती है। लोगों के दुखों का निवारण जिस भी प्रकार से हो सके मैं लगातार प्रयासरत रहता हूं। जहां जहां मेरा अधिकार क्षेत्र है, मैं हर मदद के लिए तैयार रहता हूं।

 

 प्रश्न:- आपका गृह क्षेत्र अंबाला है, उसके लिए भविष्य की आपकी सोच क्या है ?

 उत्तर:- आईएमटी की डिमांड लंबे समय से अंबाला वासियों की रही है। विनोद शर्मा ने भी इस मांग को लेकर लंबी लड़ाई लड़ी और मुख्यमंत्री का धन्यवाद करता हूं कि आई एम पी की सौगात हरियाणा को उन्होंने दी है। जिसकी अनाउंसमेंट हो चुकी है और जल्द औपचारिकताएं पूरी हो जाएंगी। इससे युवाओं के रोजगार को लेकर एक बड़ी सौगात दी गई है। जिसका लाभ केवल अंबाला को ही नहीं पंचकूला के आखिरी सिरे तक होगा। मैं अंबाला के हर विषय को लेकर चाहे केंद्र- चाहे प्रदेश या शहर की सरकार से बात करने की जरूरत होती है तो मैं मजबूती से बात रखता हूं।  


(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Recommended News

Related News

static