गुड़गांव पुलिस का जयपुर में छापा, इन आरोपियों को धर दबोचा

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 04:23 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव पुलिस ने जयपुर में छापा मारकर ऐसे आरोपियों को काबू कर लिया है जिन्होंने विदेश में बैठे साइबर ठगों के साथ मिलकर देशवासियों को चूना लगाया। आरोपी मूल रूप से जोधपुर के रहने वाले हैं और 30 प्रतिशत कमीशन के लालच में साइबर ठगों को न केवल बैंक खाते उपलब्ध कराते थे बल्कि इन खातों को ऑपरेट भी करते थे। आरोपियों की पहचान सौरभ कुमार मीणा (उम्र-27 वर्ष, शिक्षा-आईआईटी जोधपुर) निवासी जयपुर (राजस्थान), अभिषेक बिश्नोई (उम्र-20 वर्ष, शिक्षा-नर्सिंग) निवासी फलोदी (राजस्थान) व लक्ष्मण उर्फ लकी (उम्र-22 वर्ष, शिक्षा-M.A) निवासी नागौर (राजस्थान) के रूप में हुई। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी जोधपुर में मिले थे जहां से उनकी जान पहचान हो गई। उसके बाद इन्होंने पैसों के लालच में साइबर ठगी की वारदातों में शामिल होने की योजना बनाई। उपरोक्त आरोपी विदेश में बैठे साइबर ठगों के लिए काम करते थे। आरोपी विदेश में बैठे साइबर ठगों के लिए साइबर ठगी में प्रयोग होने वाले बैंक खाते खरीदते थे तथा उन बैंक खातों का संचालन करते थे। साइबर ठगी के माध्यम से प्राप्त राशि में से 30% कमीशन रखकर बाकी राशि को USDT के माध्यम से विदेश में बैठे साइबर ठगों को भेज देते थे।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, 40 सिम कार्ड, 43 एटीएम कार्ड, 15 पासबुक व 7 चेक बुक बरामद की है।  पुलिस ने आरोपी सौरभ को दो दिन के रिमांड पर लिया है जिससे पूछताछ जारी है। आपको बता दें कि 1 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति ने साइबर थाना वेस्ट पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि एक व्यक्ति ने टेलीग्राम ऐप के माध्यम से संपर्क करके टास्क पूरा करने के नाम पर धोखाधड़ी कर इससे लगभग 3 लाख 13 हजार रुपयों की ठगी की है।  पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए अब इन तीन आरोपियों को काबू कर लिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static