गुरुग्राम के छोरे ने किलिमांजारो पर फहराया तिरंगा, बनाया नया रिकॉर्ड

punjabkesari.in Wednesday, Oct 10, 2018 - 04:06 PM (IST)

गुरुग्राम (अशीष पांडे): गुरुग्राम के नरेंद्र यादव ने एक बार फिर से विश्व रिकार्ड कायम कर हिंदुस्तान का नाम रोशन किया है। नरेंद्र यादव ने 23 जुलाई को सुबह हिंदुस्तान का तिरंगा साउथ अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी किलिमांजारो पर फहराकर एक और विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। नरेंद्र ने सबसे जल्दी ऊपर चढ़ने का रिकॉर्ड 34 घंटे को मात्र 17 घंटे में पूरा किया और सबसे जल्दी उतरने का रिकॉर्ड 20 घंटे को मात्र 9 घंटे 7 मिनट में पूरा कर दो विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस अभियान को मराअंगु नाम के रास्ते से फ़तह किया गया। नरेंद्र ने पहले भी इस चोटी को वर्ष 2017 में मचामें नाम के रास्ते से फतह किया था। उसका अगला लक्ष्य इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया की चोटियों को फतह करने का है। कल इंडिया बुक आफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के मुख्यालय फ़रीदाबाद में मुख्य अधिकारियों ने नरेंद्र को इस वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण-पत्र दिया। 

सात महाद्वीपों पर फतह करने का सपना: नरेंद्र
आर्मी जवान कृष्णचंद के पुत्र नरेंद्र का सपना दुनिया के सभी सात महाद्वीपों पर फतह कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना है। इसके लिए वह कड़ी मेहनत कर रहा है। बता दें नरेंद्र ने वर्ष 2016 में भी माउंट एवरेस्ट को फतह किया था। इसके अलावा, वर्ष 2014 में अन्य पर्वत श्रृंखलाओं पर आरोहण कर वह देश का नाम रोशन कर चुका है। नरेंद्र ने पढ़ाई के दौरान 12 साल की उम्र में ही जम्मू-कश्मीर की पहाड़ियों पर चढ़कर अपने पर्वतारोहण की शुरुआत कर दी थी। नरेंद्र का कहना है कि 2008 से ही उसने नियमित तौर से पर्वतारोहण का अभ्यास शुरू कर दिया था। इसके बाद महज 19 वर्ष की आयु में 6512 मीटर ऊंची भागीरथी-टू व 5612 मीटर ऊंची डीकेडी-टू के साथ कालिंदी पास व वासुकी ताल पास, लेह और गढ़वाल चोटी को फतह करते हुए सबसे कम उम्र का पर्वतारोही बना। 
 

देशभक्ति का जज्बा
पर्वतारोही नरेंद्र ने 15 अगस्त को यूरोप की एलब्रूश और साउथ अफ्रीका की किलिमांजारो चोटियों पर चढ़ कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए राष्ट्र गान गाया और तिरंगा लहराया। नरेंद्र ने गुरुग्राम से जयपुर तक 32 घंटे में 472 किमी की साइकिल यात्रा कर स्वच्छता का संदेश भी दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static