ज्ञानचंद गुप्ता बने डॉ. ज्ञानचंद गुप्ता, कैलिफोर्निया पब्लिक यूनिवर्सिटी ने दी डॉक्टरेट की उपाधि

punjabkesari.in Monday, Nov 07, 2022 - 09:56 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): कैलिफोर्निया पब्लिक यूनिवर्सिटी ने हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता को डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्रदान की है। अब वे अपने नाम के आगे ‘डॉ.’ लगा सकेंगे। नई दिल्ली में रविवार देर शाम रेनबो चैरिटीज यूनिवर्सल ट्रस्ट की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. शाम लाल आनंद और दूसरे पदाधिकारियों ने उन्हें यह उपाधि प्रदान की।

 

ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. शाम लाल आनंद ने बताया कि हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने राजनीति के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके इस योगदान को देखते हुए विश्व की प्रतिष्ठित कैलिफोर्निया पब्लिक यूनिवर्सिटी ने उन्हें बिजनेस प्रशासन में डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की है। यूनिवर्सिटी ने सामाजिक कार्य प्रशासन में उनकी विशेषज्ञता को स्वीकार किया।

 

हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि इस उपाधि के लिए वे कैलिफोर्निया पब्लिक यूनिवर्सिटी की सीनेट के आभारी हैं। गौरतलब है कि ज्ञान चंद गुप्ता गत साढ़े 4 दशक से समाज सेवा और राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे अनेक सामाजिक, धार्मिक, खेल और सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े हुए हैं। अपनी व्यावसायिक गतिविधियों के साथ-साथ वे अनेक धर्मार्थ कार्यों में भी योगदान दे रहे हैं।

 

रेनबो चैरिटीज यूनिवर्सल ट्रस्ट के प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही ईश्वर की सेवा है। इसलिए नर सेवा को नारायण सेवा भी कहा जाता है। समाज में कमजोर लोगों की सेवा करना ही सबसे बड़ा पुण्य कर्म है। इस दौरान उन्होंने रेनबो चैरिटीज यूनिवर्सल ट्रस्ट द्वारा गत 14 वर्षों से किए जा रहे समाज सेवा के कार्यों की भी सराहना की। इस संस्था ने बड़ी संख्या में ऐसे लोगों को अपने साथ जोड़ा है, जिनके मन में समाज के वंचित वर्ग के प्रति पीड़ा है। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर एवं योग्य छात्रों को 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति भी ट्रस्ट की ओर से दी जा रही है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static