ओलावृष्टि ने उजाड़ी खेतों की हरियाली ; गेहूं की फसल को भारी नुकसान, किसान की दिन-रात की मेहनत पानी-पानी...

punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 05:00 PM (IST)

हिसार (विनोद सैनी) : हरियाणा के हिसार में पिछले कुछ दिनों में हुई ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। दिन-रात मेहनत करके अपनी फसल को बच्चे की तरह पालने वाले किसान आज मायूस नजर आ रहे हैं। ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी फसल बुरी तरह से प्रभावित हुई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। एक बार फिर मौसम की मार ने किसानों को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है।

बता दें कि जिले के कई इलाकों में हुई तेज ओलावृष्टि से खास तौर पर गेहूं की फसल को बड़ा नुकसान पहुंचा है। गेहूं की फसल लगभग पककर तैयार थी, लेकिन ओलों की मार से फसल के तने टूटकर जमीन पर गिर गए, जिससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ा है। वहीं सरसों की फसल में अपेक्षाकृत कम नुकसान देखने को मिला है, क्योंकि ज्यादातर सरसों की फसल पहले ही कट चुकी थी। हालांकि जो फसल काटकर खेतों में रखी गई थी, उसमें भी नुकसान की खबरें सामने आई हैं।

जिले के कृषि अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि हम लगातार फील्ड में जाकर फसलों का निरीक्षण कर रहे हैं। गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है क्योंकि फसल पककर तैयार थी और ओलावृष्टि के कारण तने टूट गए हैं। सरसों की फसल में कम नुकसान है। किसान भाई अपनी फसल के नुकसान का मुआवजा पाने के लिए अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 14447 पर सूचना दर्ज करवाएं और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लाभ लें।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी फसल खराबे की जानकारी दर्ज कराएं, ताकि उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके। सरकार का कहना है कि वह किसानों के हित में लगातार काम कर रही है, ताकि किसी भी किसान को नुकसान का सामना न करना पड़े और उनकी आय में बढ़ोतरी हो सके। लेकिन सवाल यही है कि आखिर कब तक किसान मौसम की मार झेलता रहेगा?

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)            

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static