SYL का पानी हरियाणा को दिलवाकर लेंगे चैन: अभय

punjabkesari.in Sunday, Nov 20, 2016 - 08:26 AM (IST)

गुड़गांव (गौरव): देश में किसी भी क्रांति में युवाओं का बहुत योगदान होता है। एस.वाई.एल. का पानी हरियाणा को दिलवाकर ही चैन की सांस लेंगे। भाजपा की भी कांग्रेस की तरह कथनी व करनी में बहुत अंतर है। प्रदेश में हर वर्ग आज बीजेपी से दुखी व परेशान है। 

भाजपा के मंत्री व सन्तरी आज रिलायंस के लिए काम कर रहे हैं। उक्त शब्द हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं इनैलो नेता अभय सिंह चौटाला ने झाड़सा में आयोजित प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन में कहे। उन्होंने कहा कि एस.वाई.एल. मामले पर कांग्रेस व भाजपा राजनीति कर रहे हैं। इन दोनों पार्टियों का केंद्रीय नेतृत्व इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है जिससे साबित होता हैं कि वे इस मामले में हरियाणा की जनता के साथ लुका छिपी का खेल खेलकर उनकी भावनाओं को ठेस पंहुचाने का काम कर रहे हैं। 

इनैलो शुरू से ही एस.वाई.एल. नहर के मुद्दे पर अपना रूख बता चुकी है। इनैलो द्वारा भाजपा सरकार को 3 महीने का समय दिया है यदि समय रहते नहर का काम शुरू होता है तो ठीक है वरना 23 फरवरी को हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर नहर की खुदाई करने का काम करेंगे। 

इस अवसर पर सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रतिवर्ष 2 करोड़ युवाओं को नौकरी व रोजगार देने का वादा कर सत्ता में आई भाजपा सरकार की कारगुजारियों के कारण आज युवा रोजगार की बजाय बैंक व ए.टी.एम. की लाइन में खड़ा है। आज किसान मजदूर को प्रधानमंत्री के इस फैसले से बड़ी परेशानी उठानी पड़ रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static