Haryana: ओखला बैराज से यमुना में छोड़ा गया 27 हजार क्यूसिक पानी, फरीदाबाद में अलर्ट जारी

punjabkesari.in Tuesday, Aug 05, 2025 - 04:03 PM (IST)

डेस्क: दिल्ली के ओखला बैराज से सोमवार को रिकॉर्ड 27 हजार क्यूसिक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया। इससे फरीदाबाद क्षेत्र में यमुना के जलस्तर में वृद्धि की आशंका बढ़ गई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यमुना किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस द्वारा गांवों में नंबरदारों के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है। हालांकि अभी तक जल स्तर में बढ़ोतरी से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है।

अब तक का सबसे अधिक पानी छोड़ा गया

दिल्ली के ओखला बैराज से अब तक का सबसे अधिक 27 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा गया है। इससे पहले 22 हजार और 18 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा जा चुका था। अनुमान है कि इस बार छोड़े गए पानी के कारण यमुना का जलस्तर और अधिक बढ़ेगा। फिलहाल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन इसमें लगातार वृद्धि हो रही है। प्रशासन ने यमुना किनारे बसे सभी गांवों के सरपंचों और पंचायत सचिवों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

इन गांवों पर है खतरा

फरीदाबाद जिले में यमुना नदी लगभग 30 किलोमीटर तक बहती है। इस क्षेत्र में यमुना के किनारे बसे गांवों में बसंतपुर, इस्माइलपुर, ददसिया, किड़ावली, दलेलपुर, लालपुर, भसकौला, महावतपुर, मौजाबाद, कांवरा कलां, चीरसी, कबूलपुर, मंझावली, घरोड़ा, घुड़ासन, चांदपुर, शाहजहांपुर, फज्जुपुर, अरुआ, साहुपुरा, मोठूका, छांयसा और मोहना शामिल हैं। हर बार जलस्तर बढ़ने पर इन गांवों की फसलों को भारी नुकसान होता है। कई बार तो पानी गांवों में भी घुस जाता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होता है।

नजर रखी जा रही है: एसडीएम

बल्लभगढ़ के एसडीएम मयंक भारद्वाज ने जानकारी दी कि वर्तमान में किसी भी गांव में पानी नहीं भरा है। बावजूद इसके, प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां कर ली हैं। उन्होंने बताया कि सरपंचों और पंचायत सचिवों को यमुना के जलस्तर पर नियमित नजर रखने और किसी भी स्थिति में तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और ग्रामीणों से भी सावधानी बरतने की अपील की गई है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static