Haryana : वर्षों पुरानी मांग आखिरकार हुई पूरी, इस जिले से यूपी के लिए बस सेवा शुरु, प्रवासी श्रमिकों को बड़ी राहत
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 08:50 PM (IST)
समालखा (विनोद लाहोट) : समालखा विधानसभा क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना के प्रयासों से हरियाणा और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाली नई अंतर्राज्यीय बस सेवा शुक्रवार से शुरू हो गई। यह बस सेवा यमुना नदी पर बने पुल के रास्ते गांव आट्टा होते हुए उत्तर प्रदेश के बागपत, छपरौली से बड़ौत डिपो तक संचालित की जाएगी। फिलहाल यह सेवा अस्थाई परमिट पर शुरू की गई है।
पानीपत के सिवाह बस अड्डे से जिला ट्रैफिक मैनेजर जयबीर हुड्डा ने हरी झंडी दिखाकर बस को बड़ौत (यूपी) के लिए रवाना किया। इस मौके पर परिवहन विभाग के अधिकारियों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। समालखा बस अड्डा इंचार्ज सतीश पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल पानीपत डिपो से एक बस का संचालन शुरू किया गया है, जो पानीपत से सुबह 8 बजे चलकर समालखा के आट्टा गांव के रास्ते बड़ौत तक पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार भविष्य में फेरे बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस नई बस सेवा से दोनों राज्यों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। पानीपत के औद्योगिक क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के बागपत, छपरौली और बड़ौत क्षेत्र से बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक कार्यरत हैं। अब उन्हें आवागमन के लिए सीधी और सुलभ सुविधा मिल सकेगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
विधायक मनमोहन भड़ाना ने इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और उम्मीद जताई कि यह सेवा स्थायी रूप लेगी। उन्होंने दोनों प्रदेशों की जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह बस सेवा सामाजिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करेगी।
नई अंतर्राज्यीय बस सेवा को लेकर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि यह सुविधा भविष्य में और विस्तारित की जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)