Haryana : TGT साइंस भर्ती का संशोधित परिणाम HSSC ने किया जारी, हाईकोर्ट के आदेश के बाद बदली मेरिट
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 02:13 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने विज्ञान विषय के प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी साइंस) भर्ती का संशोधित परिणाम जारी कर दिया है। यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में की गई है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि नया परिणाम 27 जुलाई 2024 को घोषित परिणाम का स्थान लेगा और वही अंतिम माना जाएगा। फरवरी 2023 में जारी विज्ञापन के तहत टीजीटी साइंस भर्ती के परिणाम को कुछ अभ्यर्थियों ने हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। अभ्यर्थियों ने मूल्यांकन प्रक्रिया, उत्तर कुंजी पर दर्ज आपत्तियों के निस्तारण और विशेषज्ञों की नियुक्ति को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद हाई कोर्ट ने अंतिम परिणाम पर रोक लगाते हुए विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट के आधार पर संशोधित परिणाम जारी करने के निर्देश दिए थे।
अदालत के आदेश के बाद प्रदेश सरकार ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक के विशेषज्ञों की संयुक्त समिति गठित की। समिति ने उत्तर पुस्तिकाओं और संबंधित दस्तावेजों की दोबारा जांच कर 15 अप्रैल को अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी। इसी रिपोर्ट के आधार पर एचएसएससी ने विज्ञापन संख्या 2/2023 की श्रेणी संख्या 07 और 12 के अंतर्गत टीजीटी साइंस (आरओएच एवं मेवात कैडर) के पदों का संशोधित परिणाम तैयार कर जारी कर दिया है।
ग्रुप-डी सीईटी अभ्यर्थियों के लिए 9 से 11 जुलाई तक करेक्शन पोर्टल
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप-डी) पदों की सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन में सुधार का एक और अवसर देगा। आयोग 9 जुलाई से 11 जुलाई की रात 12 बजे तक करेक्शन पोर्टल खोलेगा। एचएसएससी के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने आवेदन पत्र का सावधानीपूर्वक सत्यापन कर लें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि में उसे ठीक कर लें। उन्होंने बताया कि करेक्शन पोर्टल से संबंधित सुझाव अभ्यर्थी गूगल फॉर्म के माध्यम से भी भेज सकते हैं। गौरतलब है कि ग्रुप-डी सीईटी के लिए इस बार 15.70 लाख से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है।