हरियाणा पुलिस में होंगी 12 हजार भर्तियां, प्रक्रिया शुरू

punjabkesari.in Sunday, Oct 22, 2017 - 09:34 AM (IST)

चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा पुलिस महानिदेशक बी.एस. संधू ने कहा कि हरियाणा पुलिस में 12,000 नई भर्तियां की जाएगी। पुलिस महानिदेशक बी.एस. संधू व पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने नग्गल मोंगीनंद स्थित पुलिस लाइन में पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर शहीद जवानों को शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह जानकारी दी।  संधू ने कहा कि सरकार द्वारा पुलिस कर्मचारियों के कल्याण के लिए अनेक गतिविधियां चलाई जा रही है। पुलिस मुलाजिमों के लिए आवास की सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ नए पुलिस स्टेशन व पुलिस चौकियों का निर्माण करवाया जा रहा है। 

बी.एस. संधू ने पुलिस शहीदी दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 21 अक्टूबर का दिन न केवल हरियाणा पुलिस के लिए बल्कि समस्त भारतीय पुलिस के लिए एक प्रेरणादायक दिवस है जो हमें उन 370 बहादुर और जांबाज पुलिस जवानों और अधिकारियों की याद दिलाता है, जिन्होंने अपने देश, प्रदेश व सीमाओं पर देश की सुरक्षा के लिए कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए और खतरनाक अपराधियों का मुकाबला करते हुए अपने अमूल्य प्राणों को देश पर बलिदान किया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static