हरियाणा में अक्टूबर में रिकॉर्ड बारिश, 21 साल का रिकॉर्ड टूटा... जानिए कब आएगी ठंड
punjabkesari.in Friday, Oct 10, 2025 - 10:35 AM (IST)

हिसार: हरियाणा में पहाड़ों से मैदानों की ओर चलने वाली उत्तर पश्चिमी हवाओं का असर देखा जा रहा है। अक्टूबर में हुई बारिश ने पिछले 21 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अक्टूबर के शुरुआती 8 दिनों में करीब 29.2 एमएम बारिश दर्ज की गई है। इससे पहले वर्ष 2004 में पूरे अक्टूबर महीने में 58.4 एमएम बारिश हुई थी।
बारिश के कारण हरियाणा के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में अधिकतम तापमान लगातार दूसरे दिन भी 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। वहीं, रोहतक में तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस तक कम चल रहा है।
बता दें कि हरियाणा में 5 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक पश्चिमी विक्षोभ का असर रहा। इस दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछेक क्षेत्रों में तेज बारिश भी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ज्यादा बारिश होने के कारण इस बार ठंड अधिक पड़ने की संभावना है और यह समय से पहले दस्तक दे सकती है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद 10 अक्टूबर से 14 अक्टूबर के दौरान मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस अवधि में मौसम साफ रहने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, हवाओं में फिर से बदलाव उत्तर और उत्तर पश्चिमी होने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आने की भी संभावना है।