Haryana TOP 10: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल पंचकूला में NIFT के भवन का करेंगे उद्घाटन, पढ़ें हरियाणा की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Tuesday, Jul 12, 2022 - 07:21 AM (IST)

डेस्क: राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष के सांझे उम्मीदवार यशवंत सिन्हा आज चंडीगढ़ पहुंचकर हरियाणा कांग्रेस के विधायकों से मुलाकात करेंगे। यशवंत सिन्हा इस दौरान उनके पक्ष में वोट करने के लिए विधायकों से अपील भी करेंगें। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी इस दौरान उनके साथ मौजूद रहेंगे। विधायकों से मुलाकात करने के बाद वे चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस हेडक्वार्टर पर एक प्रैस वार्ता कर मीडिया से रूबरू होंगे। बता दें कि भारत के 16वें राष्ट्रपति को चुनने के लिए 18 जुलाई को मतदान होगा और 21 जुलाई को मतगणना की जाएगी। यशवंत सिन्हा के मुकाबले में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू भी चुनावी मैदान में है। 

 केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल आज पंचकूला में NIFT के भवन का करेंगे उद्घाटन

शहर के सेक्टर-23 स्थित राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) की 10.42 एकड़ में बनी ग्रीन बिल्डिंग का 12 जुलाई को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के हाथों उद्घाटन होगा। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी उपस्थित रहेंगे। इस बिल्डिंग का निर्माण हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन ने किया है। यह संस्थान ग्रीन कॉन्सेप्ट के आधार पर तैयार किया गया है। इस बिल्डिंग को बनाने के लिए 133.16 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।

मुख्यमंत्री के दुबई दौरे में हुआ बदलाव, आज विदेश के लिए नहीं होंगे रवाना

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के दुबई और शारजाह के दौरे में फिलहाल फेरबदल कर दिया गया है। पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल 12 से 14 जुलाई तक एक डेलिगेशन के साथ दुबई और शारजाह के दौरे पर जाने वाले थे। मुख्यमंत्री के साथ विदेश दौरे पर जाने वाला डेलिगेशन दुबई शारजाह में ग्लोबल सिटी गुरुग्राम को लेकर राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस करेगा। 

सरकारी स्कूलों को बंद करने की तैयारी कर रही हरियाणा सरकार- आप नेता 

आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के सरकारी स्कूलों को बंद करना चाहती है। यह सब एक सोची समझी साजिश के तहत हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने के लिए बच्चे 500 रुपए  फीस भरेंगे। वहीं सरकारी स्कूल छोड़कर प्राइवेट स्कूलों में जाने पर सरकार बच्चों को फीस के  लिए 700 से 1100 रुपए तक फीस देगी। 

नई विधानसभा भी जरूर बनेगी और पुरानी पर भी नहीं छोडेंगे अपना हक- असीम गोयल

हरियाणा के लिए अलग विधानसभा के मुद्दे  पर बीजेपी विधायक असीम गोयल ने पंजाब सरकार व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जवाब देते हुए कहा कि नई विधानसभा तो जरूर बनेगी और हरियाणा मौजूदा विधानसभा भवन पर भी अपना हक नहीं छोडेगा। हुड्डा ऐसी बयानबाजी कर हरियाणा का हक कमजोर न करें। 

गठबंधन धर्म को तार-तार करने के आरोपों पर बोले जजपा प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह

निकाय चुनाव में गठबंधन प्रत्याशी की हार पर सुभाष बराला द्वारा गठबंधन धर्म को तार-तार करने के आरोप पर जजपा प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह ने कहा कि उन्होंने गठबंधन धर्म को बखूबी निभाया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन अधिक मजबूत हो इसके लिए उनका पूरा प्रयास रहता है।

विधायकों को धमकी मिलने के मामले में STF नहीं, CBI करे जांच- अभय चौटाला

इनेलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद से विधायक अभय सिंह चौटाला ने गैंगस्टरों द्वारा विधायकों को जान से मारने की धमकी देने और उनसे फिरौती मांगने पर कहा कि प्रदेश में भाजपा गठबंधन की सरकार में पुलिस और कानून का डर खत्म हो चुका है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। 

AAP पार्टी ने दो नेताओं पर की कार्रवाई, 6 साल के लिए पार्टी से बाहर निकाला

आम आदमी पार्टी हरियाणा ने सोनीपत से दो नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी के हरियाणा प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता के द्वारा जारी किए गए आदेशों के अनुसार राकेश कुमार दहिया और पवन तोमर को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर अगले 6 साल के लिए पार्टी से बाहर किया जा रहा है। 

लॉरेंस बिश्नोई गैंग को हथियार और लग्जरी गाड़ियां सप्लाई करने वाला गिरोह हुआ गिरफ्तार

हरियाणा पुलिस की एसटीएफ टीम ने नॉर्थ इंडिया के सबसे बड़े वाहन चोर मनोज बकरवाल समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग को हथियार और गाड़ियां सप्लाई किया करते थे। यह गैंग अब तक 300 से ज्यादा लग्जरी कारों की चोरी कर चुका है। चोरी की गई लग्जरी गाड़ियों के साथ ये लोग उगाई का काम भी करते थे। 

हरियाणा में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मियों की हुई पक्की नियुक्तियां

हरियाणा के नागरिक अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों व उप-केन्द्रों में 2573 नियमित स्वास्थ्य कर्मियों को नियुक्ति पत्र देकर स्टेशन अलाट कर दिए गए हैं। इन स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण होगा। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने दी।

ईद पर मिठाई मांगना छात्र को पड़ा भारी, रूम खाली कर हॉस्टल छोड़ने के मिले आदेश

हरियाणा के जींद स्थित चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी के छात्रावास में एक छात्र को ईद पर मिठाई मांगने के बाद हॉस्टल से निकालने का मामला सामने आया था। इस मामले में सोमवार को कई छात्र संगठनों ने यूनिवर्सिटी में प्रोटेस्ट किया। उन्होंने कहा कि कहा कि आरोपी हॉस्टल वार्डन सुनील रोहिल्ला के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसी के साथ छात्र को हॉस्टल में वापस रखा जाए क्योंकि उसके जल्द ही उसके एग्जाम शुरू हो रहे हैं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vivek Rai

Recommended News

Related News

static