खत्म हुआ इंतजार! हरियाणा-UP का सफर अब सुपरफास्ट, 432 करोड़ का इंटरचेंज तैयार
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 11:21 AM (IST)
सोनीपत: कुंडली-नेशनल हाईवे-44 कॉरिडोर के साथ उत्तर प्रदेश की तरफ जाने वाले प्रदेश के वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। यमुना एक्सप्रेस-वे और कुंडली-गाजियाबाद-पलवल ईस्टर्न पेरिफेरल वे को जोड़ने वाला बहुप्रतीक्षित इंटरचेंज अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब 432 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह प्रोजेक्ट जुलाई तक वाहन चालकों के लिए खोल दिया जाएगा।
यमुना-ईपीई इंटरचेंज शुरू होते ही दोनों एक्सप्रेस-वे के बीच करीब 20 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। इसका सीधा फायदा हरियाणा के उन सभी जिलों को मिलेगा जो कुंडली और एनएच-44 के जरिए इन मार्गों से जुड़े हैं। अभी हरियाणा से आने वाले वाहनों को ईपीई से उतरकर ग्रेटर नोएडा के परी चौक होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट तक जाना पड़ता है।
ऐसे में ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इंटरचेंज शुरू होने के बाद वाहन सीधे एक एक्सप्रेसवे से दूसरे पर जा सकेंगे। इससे परी चौक और नोएडा शहर में नहीं जाना पड़ेगा। ऐसे में वह वहां लगने वाले जाम से बच सकेंगे। इससे न केवल समय बचेगा बल्कि ईंधन की खपत भी घटेगी।