छात्रा का अपहरण कर मांगी डेढ़ करोड़ की फिरौती, पुलिस को देख पीड़िता को छोड़ भागे बदमाश

punjabkesari.in Friday, Dec 01, 2017 - 12:04 PM (IST)

यमुनानगर(सतीश): सागर स्टील के मालिक इंडस्ट्रलिस्ट गुरमुखदास की बेटी मुस्कान क्वात्रा का अपहरण हो गया। परिवार को तब पता चला जब उन्होंने रात साढ़े 8 बजे बेटी को काल किया और फोन किसी लड़के ने उठाया। उसने लड़की को छोड़ने की एवज में डेढ़ करोड़ की फिरौती मांगी। किडनैप बेटी गुरुवार शाम को सकुशल घर लौट आई। पुलिस के अनुसार किडनैपर्स पूरी रात लड़की को मुंह पर काला कपड़ा बांधकर सिटी में घुमाते रहे। पुलिस की मानें तो बदमाश लड़की को मेरठ ले जाने की फिराक में थे। बदमाशों की संख्या चार बताई जा रही है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।

जानकारी के अनुसार छात्रा 12वीं में शहर के निजी स्कूल में पढ़ती है। वह रोजाना की तरह बुधवार शाम को घर से इकोनोमिक्स विषय की ट्यूशन पढ़ने गई थी। उसकी 3 ट्यूशन चलती हैं। शाम को 6.30 से 7.30 तक प्रोफैसर कॉलोनी में पढ़ती है। उन्होंने 8.30 बजे तक उसका इंतजार किया लेकिन वह नहीं लौटी। इस पर उन्होंने उसके मोबाइल पर फोन किया। फोन उनकी बेटी ने नहीं बल्कि किसी लड़के ने उठाया। उनसे कहा कि तेरी लड़की मेरे कब्जे में है। अगर लड़की चाहिए तो डेढ़ करोड़ रुपए लेकर आओ और अपनी बेटी ले जाओ। इस पर उन्होंने कहा कि डेढ़ करोड़ रकम बहुत ज्यादा है। उस लड़के ने कहा कि 1 करोड़ रुपए ले आओ। इतना कहने के बाद उस लड़के ने कहा कि वह सुबह फोन करेगा, रकम का इंतजाम कर लेना। इतना कहने के बाद फोन काट दिया। 

छात्रा के पिता का कहना है कि उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है। स्थिति गुरुवार शाम साढ़े 4 बजे के लगभग बदल गई जब लड़की सकुशल घर लौट आई। 20 घंटे बाद लड़की घर तो जरूर लौट आई लेकिन कई सवाल खड़े कर गई। पुलिस के पास भी अभी तक कोई जवाब नहीं कि लड़की के किडनैप की कहानी सच है या नहीं।  उधर एस.पी. राजेश कालिया का कहना है कि बदमाश लड़की को छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस जांच कर रही है। असलियत जल्द सामने आएगी। थाना शहर प्रभारी डा. सुनील रावत ने बताया कि मिलते ही मामला दर्ज कर लिया था। मामला किडनैपिंग का है या नहीं इस बारे लड़की और परिवार से पूछताछ की जा रही है। उनका कहना है कि मामले की तह तक जाएंगे। इसके लिए हर एंगल पर पुलिस जांच कर रही है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static