हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड: पुलिस ने एक और आरोपी को दबोचा, सोनीपत का रोहित गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 12:06 PM (IST)
सोनीपत : शामली जिले में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और कथित साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है। शामली के पुलिस अधीक्षक एन पी सिंह ने यहां पत्रकारों को बताया कि हरियाणा के सोनीपत निवासी रोहित उर्फ लाडला को बुधवार शाम सिटी थाना क्षेत्र में तलाशी के दौरान गिरफ्तार किया गया।
एसपी ने बताया कि रोहित कथित तौर पर साजिश में शामिल था और शामली में पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए मामले के आरोपी मोहित का दोस्त था। बालियान की 26 अगस्त 2026 को शामली में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बालियान जिम से बाहर निकलकर अपनी कार की ओर जा रहे थे। पुलिस ने हत्या के संबंध में चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान दो कथित शूटर सुमित और मोहित 31 अगस्त को शामली जिले में पुलिस के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में मारे गए थे। पुलिस अब इस हत्याकांड में तीन अन्य आरोपियों सत्यम कादियान, आर्यन संधू और राहुल उर्फ भोलू की तलाश कर रही है। तीनों हरियाणा के रहने वाले हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने तीनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने पर एक-एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है और उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है।