अपने द्वारा पेश कर्ज के आंकड़ों में खुद ही उलझते जा रहे हुड्डा : भाजपा

punjabkesari.in Wednesday, Apr 12, 2023 - 09:58 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्रशेखर धरणी) : हरियाणा भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आरोपों पर पलटवार किया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने बुधवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने द्वारा पेश किये गये कर्ज के आंकड़ों में स्वयं उलझ गये हैं। उन्होंने राज्य पर चार लाख करोड़ रुपये का कर्ज बताया है, जबकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन्हें आंकड़ों के साथ जवाब दे दिया है कि वह लगातार झूठ बोल रहे हैं और प्रदेश के लोगों को गुमराह करने में लगे हैं। प्रदेश पर ढ़ाई लाख करोड़ रुपये से मामूली अधिक कर्ज है। कर्ज होने का मतलब साफ है कि राज्य प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर हो रहा है। 

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अपनी सरकार के कार्यकाल के कर्ज में हुड्डा बिजली निगमों का वह कर्ज नहीं जोड़ते, जो मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकरा ने बिजली निगमों से वापस लेकर अपने बजट में शामिल कर लिया है। इससे बिजली निगमों की हालत में सुधार हुआ और वह अधिक ब्याज देने के मकड़जाल से बाहर निकले हैं। सुदेश कटारिया ने कहा कि केंद्र सरकार से बात कर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने न केवल हरियाणा बल्कि देश भर के किसानों उन किसानों को गेहूं बेचने में मदद दिलाई है, जिनके दाने की प्राकृतिक चमक बारिश की वजह से फीकी पड़ गई है। लस्टर की वजह से हरियाणा के किसानों को जो भी नुकसान होगा, उसकी भरपाई हरियाणा सरकार अपने खजाने से करेगी, लेकिन इस घोषणा के बावजूद हुड्डा राजनीति कर रहे हैं। 

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हरियाणा का पूंजीगत खर्च बढ़ रहा है, जो विकास की तरफ इशारा कर रहा है। मुख्यमंत्री लगातार प्रदेश के लोगों के बीच जाकर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर रहे हैं। लाभार्थी बोले दिल से, मनोहर लाल फिर से, इस नारे से हुड्डा घबरा गये हैं। उन्हें अब उनकी अपनी पार्टी के नेता भी खास अहमियत नहीं देते।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Related News

static