26 जनवरी की ट्रैक्टर परेड में घोड़े के साथ शामिल होगा हॉर्स राइडर

punjabkesari.in Tuesday, Jan 12, 2021 - 10:13 AM (IST)

डबवाली (संदीप): केंद्र की मोदी सरकार के नए कृषि कानूनों को रद्द किए जाने की मांग को लेकर कई दिनों से दिल्ली के बॉर्डर पर आंदोलन कर किसानों के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग जा रहे हैं। किसानों ने 26 जनवरी को दिल्ली में घुसकर ट्रैक्टर परेड निकालने की घोषणा की हुई है। अब इस ट्रैक्टर परेड में घोड़े भी शामिल होंगे। पंजाब से करीब 90 कि.मी. का सफर घोड़े पर तय करके दिल्ली जाते वक्त डबवाली पहुंचे पंजाब के हॉर्स राइडर ने कहा कि वह अपने घोड़े पर सवार होकर ट्रैक्टर परेड का हिस्सा बनेंगे। 

ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए घोड़े पर रवाना हुए हॉर्स राइडर सुशील कुमार भोभिया ने बताया कि वे गांव लखे वाली फाजिल्का से अपना घोड़ा लेकर दिल्ली कूच के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने बताया कि वे पेशे से हॉर्स राइडर है। इसलिए वे अपना घोड़ा लेकर 26 जनवरी को किसानों के समर्थन में ट्रैक्टर परेड में शामिल होंगे। भोभिया के मुताबिक उन्होंने अपने कुछ साथियों को भी साथ में लिया है। जो घोड़े के साथ-साथ जीप में सवार है। इस जीप में उनके बिस्तर व अन्य खाने की वस्तुएं व जरूरी सामान है। 

सुशील के मुताबिक केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लाए गए तीनों कृषि कानून किसान और मध्यम वर्ग व गरीब विरोधी है। भविष्य में तीनों कानून पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाएंगे। हरियाणा पंजाब के किसानों की हालत बिहार के किसानों के जैसी हो जाएगी। पूंजीपति कम दाम में फसलें खरीदेंगे और महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाएंगे।

भोभिया ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार तीनों कानूनों को रद्द नहीं करेंगे तब तक किसान पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान घोड़े पर सवार होकर दिल्ली कूच को जा रहे भोभिया लोगों व राहगिरों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बने रहे। लोगों ने अपने मोबाइल फोन से हाई-वे पर चल रहे घोड़े और जीप की तस्वीरें व वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vinod kumar

Recommended News

Related News

static