HSSC Group-D: सीईटी सुधार पोर्टल पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़; अब तक 35 हजार से अधिक ने बदले दस्तावेज
punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 06:17 PM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के सीईटी ग्रुप-डी भर्ती परीक्षा के करेक्शन पोर्टल पर बुधवार सुबह 11:15 बजे तक 35,260 अभ्यर्थियों ने अपने आवेदन पत्रों में विभिन्न संशोधन किए। अभ्यर्थी 11 जुलाई रात 11:59 बजे तक आवेदन में सुधार कर सकते हैं। आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया हैंडल पर यह जानकारी दी।
सबसे अधिक 10,722 ने फोटोग्राफ बदली है। इसके अतिरिक्त, 2,988 अभ्यर्थियों ने श्रेणी प्रमाणपत्र और 2,300 ने अनुबंध-8 में बदलाव किया। 2,264 अभ्यर्थियों ने श्रेणी प्रमाणपत्र संख्या, 2,170 ने प्रमाणपत्र जारी होने की तिथि और 2,155 ने जारीकर्ता प्राधिकारी का नाम अपडेट किया। 1,579 अभ्यर्थियों ने डोमिसाइल प्रमाणपत्र संख्या, 1,490 ने श्रेणी और 1,221 ने हस्ताक्षर में संशोधन किया। आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल वही अभ्यर्थी संशोधन कर सकते हैं जिन्होंने पहले से आवेदन जमा किया है।