‘ब्रज भूमि’ के बाद, ‘उत्तरी हरियाणा’ में हुड्डा की रैली आज

punjabkesari.in Sunday, Jun 03, 2018 - 10:44 AM (IST)

पानीपत(खर्ब): हरियाणा में आगामी समय में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर हर दल राजनीतिक जमीन मजबूत करने में लगा है। इनेलो जेल भरो आंदोलन चलाए हुए है तो भाजपा समर्थन के लिए संपर्क अभियान, वहीं कांग्रेस नेता यात्राओं पर निकले हुए हैं। सिरसा बैल्ट में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डा.अशोक तंवर साइकिल यात्रा पर हैं तो पलवल, होडल की ब्रज भूमि के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा उत्तरी हरियाणा में आज से जनक्रांति रथयात्रा का दूसरा चरण शुरू कर रहे हैं।

ब्रज भूमि क्षेत्र के बाद हुड्डा की उत्तर हरियाणा के जिलों में राजनीति के पाशे सही पड़ते दिखाई दे रहे हैं। इसके लिए गैर-जाट नेता के रूप में उभर रहे धर्म सिंह छौक्कर के हलके से शुरूआत कर अम्बाला तक के हलकों को कवर करने का प्लान हुड्डा समर्थकों ने बना लिया है। पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अम्बाला जिलों में गैर-जाट नेताओं को एक मंच पर लाकर जी.टी.रोड बैल्ट को साधने की कोशिश की जा रही है। रैली की देखरेख के कारण धर्म सिंह छौक्कर का भी कद बढ़ा है।
 

रैली के प्रबंधों को लेकर समालखा के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर पिछले काफी दिनों से लगे हुए थे। आने वाली भीड़ को देखते हुए पहले लगे शैड की जगह खुले में बड़ा पंडाल लगाया गया है। बताया जा रहा है कि कई हजार मोटरसाइकिलों के साथ स्वागत करवाने के अलावा गर्मी से बचने के लिए काफी प्रबंध किए गए हैं। माना जा रहा है कि रैली में सबसे ज्यादा भीड़ पानीपत, सोनीपत, करनाल, जींद व रोहतक जिले के कार्यकत्र्ताओं की होगी। 

हुड्डा के लिए ‘लक्की’ रहा है पानीपत
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 2001 में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रहते हुए पानीपत के सैक्टर-25 स्थित मैदान में विशाल ललकार रैली की थी। इसके बाद 2004 में बापौली के संजय गांधी पार्क से परिवर्तन रथ पर सवार होकर हरियाणा भर का दौरा किया था। वहीं एक बार फिर पानीपत की धरती से जनक्रांति यात्रा शुरू की जा रही है। पहले पानीपत के चारों हलकों में दौरा किया जाएगा। इसके बाद दूसरे जिलों को कवर करते हुए उत्तरी हरियाणा के बाद जींद व साथ लगते जिलों में रथ यात्रा का चरण शुरू किया जाएगा। 

रिकार्ड तोड़ रहेगी जनक्रांति रैली
समालखा के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर ने कहा कि हरियाणा के लोग भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चाहते हैं। मेरा काम रैली को सफल करवाना है, जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर खरा उतरा जाएगा। इसमें कोई शक नहीं कि अन्य जिलों के साथ कांग्रेस को जी.टी.रोड बैल्ट पर मजबूत किया जा रहा है जिसकी शुरूआत 3 जून की समालखा रैली से हो जाएगी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static