विवाहिता ने फंदा लगाकर की जीवनलीला समाप्त, पति गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Jul 02, 2025 - 08:38 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): पटौदी एरिया में विवाहिता की खुदकुशी करने के मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विवाहिता से अपने मायके से चार लाख रुपए लाने की मांग कर रहा था। जिसके चलते विवाहिता ने खुदकुशी कर ली।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
दरअसल, सापंका गांव में अपने पति के साथ किराए पर रहने वाली 22 वर्षीय महिला ने बीते सोमवार की रात पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छतरपुर (मध्य प्रदेश) के बिछोरनिया निवासी रामनाथ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपनी बेटी उमा की शादी करीब चार साल पहले छतरपुर के ओबरी गांव निवासी बलराम के साथ की थी। बलराम व उमा मजदूरी लेबर का काम करते थे। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही बलराम उसकी बेटी उमा को परेशान करता था। वहीं, बलराम अब चार लाख रुपये की मांग कर रहा था। उमा ने अपने पति बलराम से परेशान होकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के करीब एक वर्ष का बेटा भी है।
जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। बृहस्पतिवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।