'मुझे किसी कार्रवाई का डर नहीं और न ही मैं इस्तीफा दूंगा, पार्टी को जो करना है कर ले' मोहम्मद इलियास ने कांग्रेस नेतृत्व को दी चुनौती
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 06:09 PM (IST)
नूंह (अनिल मोहनिया) : राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोपों से घिरे पुनहाना विधानसभा से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास आखिरकार पहली बार मीडिया के सामने आए और आते ही सियासी पारा चढ़ा दिया। सिरोली गांव में एक निजी स्कूल के उद्घाटन के दौरान मीडिया से रूबरू हुए इलियास ने अपने ऊपर लग रहे आरोपों पर सीधा वार करते हुए कहा। मैंने कोई क्रॉस वोट नहीं किया, जो लोग कह रहे हैं वो अपनी-अपनी बात कह रहे हैं।
उनके इस बयान ने पूरे मामले में नया मोड़ ला दिया है। जहां विरोधी लगातार उन्हें घेर रहे थे, वहीं अब इलियास ने खुलकर अपनी सफाई पेश कर दी है। अपनी बात को मजबूत करते हुए उन्होंने अपनी खराब तबीयत का भी जिक्र किया। बोले राज्यसभा चुनाव के वक्त मेरी तबीयत ठीक नहीं थी, और आज भी पूरी तरह ठीक नहीं हूं। हालांकि, सियासी गलियारों में उनके इस तर्क पर अलग-अलग चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
कांग्रेस की संभावित कार्रवाई पर भी इलियास ने बेबाक अंदाज दिखाया। उन्होंने कहा अगर पार्टी को लगता है कि कोई कार्रवाई करनी है तो वो उनका अधिकार है। यानी साफ संकेत कि वे किसी दबाव में नहीं हैं। वहीं, इस्तीफे को लेकर चल रही अटकलों पर भी उन्होंने ब्रेक लगा दिया। साफ शब्दों में बोले मेरा कोई इस्तीफा देने का प्रोग्राम नहीं है, आगे क्या होगा ये समय बताएगा।
यानी एक ही मंच से इलियास ने तीन बड़े संदेश दे दिए न क्रॉस वोटिंग, न इस्तीफा और न ही किसी कार्रवाई का डर। सिरोली में स्कूल उद्घाटन का मंच भले ही शिक्षा के लिए था, लेकिन असली चर्चा इलियास के बयानों ने बटोरी। अब सबकी नजर कांग्रेस के अगले कदम पर टिकी है क्या पार्टी कोई कार्रवाई करेगी या मामला यहीं ठंडा पड़ जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)